Lucknow Lawyers Protest: लखनऊ के हजरतगंज इलाके में अधिवक्ता (संरक्षण) अधिनियम लागू करने की मांग को लेकर शनिवार को बड़ी संख्या में वकीलों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान, वकीलों और पुलिसकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक भी देखने को मिली।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, हजरतगंज इलाके में नारेबाजी कर रहे वकीलों ने पुलिस की ओर से लगाई गई बैरिकेडिंग तोड़ दी। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारी वकीलों के बीच तनाव की स्थिति बन गई।
वकीलों की क्या है मांग?
प्रदर्शन कर रहे वकीलों की मांग है कि सरकार जल्द से जल्द अधिवक्ता (संरक्षण) अधिनियम लागू करे। उनका कहना है कि वकीलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और उनके हितों की रक्षा के लिए इस कानून का लागू होना बेहद जरूरी है।
समाचार एजेंसी एएनआई के साथ बातचीत में प्रदर्शन कर रहे वकील ध्रुव ने कहा कि हापुड़ में वकीलों के साथ एक बड़ी घटना हुई थी, जिसके विरोध में हमने पूरे प्रदेश में व्यापक स्तर पर प्रदर्शन किया था। उस समय प्रदेश के मुख्यमंत्री ने हमें आश्वासन दिया था कि अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम बनाया जाएगा। इसके लिए एक ड्राफ्टिंग कमेटी का गठन भी किया गया था, लेकिन कमेटी के गठन को कई साल बीत जाने के बावजूद अब तक उसने अपनी रिपोर्ट नहीं सौंपी है और न ही अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू किया गया है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: एक मिशन, दो चंद्रमा और 10 ग्राम मिट्टी... मंगल के फोबोस की गुत्थी सुलझाने उतरा जापान
उन्होंने आगे कहा कि प्रदेशभर में वकीलों के बैठने के लिए उचित व्यवस्था करने का भी आश्वासन दिया गया था। खासकर उस समय, जब उनके चैंबरों को ध्वस्त कर दिया गया था, लेकिन आज तक वकीलों के बैठने की समुचित व्यवस्था नहीं की गई है। इन्हीं मांगों को लेकर हम विधानसभा के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं।
भारी पुलिसबल तैनात
वकीलों के विधानसभा घेराव के ऐलान को देखते हुए पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया।
