शहर

UP में सैनिकों को बड़ा तोहफा, वीरता पुरस्कारों की राशि और पेंशन होगी दोगुनी; परमवीर चक्र विजेताओं को मिलेंगे 1.04 करोड़

उत्तर प्रदेश सरकार ने सैनिकों और शहीदों के परिवारों के लिए तीन बड़े ऐलान किए। वीरता पदक विजेताओं की एकमुश्त पुरस्कार राशि और वार्षिकी दोगुनी होगी। स्टाम्प शुल्क में छूट की सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की जाएगी।

Image

सीएम योगी आदित्यनाथ (फोटो-MYogiAdityanath)

मेरठ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के परिवारों के लिए तीन बड़े फैसलों की घोषणा की। वीरता पदक विजेताओं को मिलने वाली एकमुश्त पुरस्कार राशि और वार्षिकी दोगुनी की जाएगी। इसके अलावा मकान खरीदने या बनवाने पर स्टाम्प शुल्क में छूट की सीमा 20 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये कर दी गई है। शहीदों के आश्रितों को उनके गृह जनपद या नजदीकी जिले में नौकरी देने की भी घोषणा की गई।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मेरठ की क्रांति धरा से सैनिकों और उनके परिवारों के हित में तीन महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के वीरता पदक विजेताओं को मिलने वाली एकमुश्त पुरस्कार राशि और वार्षिकी, दोनों को दोगुना किया जाएगा। इस फैसले के तहत परमवीर चक्र से लेकर सेना मेडल, वायुसेना मेडल और अन्य सैन्य सम्मान प्राप्त करने वालों को मिलने वाली आर्थिक सहायता बढ़ जाएगी।

मुख्यमंत्री ने बताया कि अभी परमवीर चक्र विजेताओं को 52 लाख रुपये एकमुश्त और 3.12 लाख रुपये वार्षिकी दी जाती है। अब दोनों राशियों को दोगुना किया जाएगा। इसी तरह महावीर चक्र, वीर चक्र, अशोक चक्र, कीर्ति चक्र और शौर्य चक्र विजेताओं को मिलने वाली पुरस्कार राशि और वार्षिकी में भी दोगुनी बढ़ोतरी होगी।

इसके अलावा सेना मेडल, वायुसेना मेडल, मेंशन इन डिस्पैच, सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल, उत्तम युद्ध सेवा मेडल और युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित सैनिकों को मिलने वाली एकमुश्त राशि और वार्षिकी भी दोगुनी की जाएगी।

इन वीरता पुरस्कारों की राशि होगी दोगुनी

मुख्यमंत्री की घोषणा के मुताबिक, वर्तमान में विभिन्न पदकों के लिए निर्धारित एकमुश्त पुरस्कार राशि और वार्षिकी इस प्रकार है। इन दोनों को दोगुना किया जाएगा।

वीरता पदक वर्तमान एकमुश्त राशि वर्तमान वार्षिकी

वीरता पदकवर्तमान एकमुश्त राशिवर्तमान वार्षिकी
परमवीर चक्र₹52 लाख₹3.12 लाख
महावीर चक्र₹31 लाख₹2.37 लाख
वीर चक्र₹20.80 लाख₹1.37 लाख
अशोक चक्र₹32.50 लाख₹1.50 लाख
कीर्ति चक्र₹19.50 लाख₹1.30 लाख
शौर्य चक्र₹13 लाख₹65 हजार
सेना मेडल/वायुसेना मेडल₹1 लाख₹15 हजार
मेंशन इन डिस्पैच₹52 हजार₹13 हजार
सर्वोत्तम युद्ध सेवा मेडल₹3.12 लाख₹12 हजार
उत्तम युद्ध सेवा मेडल₹2.60 लाख₹11 हजार
युद्ध सेवा मेडल₹83,200₹10 हजार

स्टाम्प शुल्क में छूट की सीमा 50 लाख रुपये

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दूसरी घोषणा करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों और शहीद सैनिकों के आश्रितों को मकान के लिए स्टाम्प शुल्क में मिलने वाली छूट की सीमा बढ़ाई जाएगी। अभी यह छूट 20 लाख रुपये तक है, जिसे बढ़ाकर 50 लाख रुपये किया जा रहा है। इससे सैनिक परिवारों को घर खरीदने या बनवाने में आर्थिक राहत मिलेगी।

शहीदों के आश्रितों को घर के पास मिलेगी नौकरी

तीसरे फैसले के तहत मुख्यमंत्री ने शहीद सैनिकों के आश्रितों को उनके घर के नजदीक नौकरी देने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि शहीद के आश्रित को उसके गृह जनपद या निकटवर्ती जनपद में ही सेवायोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि शहीद के परिवार को नौकरी मिलने के बाद भी अपने घर और परिवार से दूर न जाना पड़े। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये तीनों फैसले प्रदेश के वीर सैनिकों, पूर्व सैनिकों और शहीदों के परिवारों के सम्मान और कल्याण के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाते हैं।

Pushpendra kumar
पुष्पेंद्र कुमारauthor

पुष्पेंद्र कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में चीफ कॉपी एडिटर के रूप में सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से वे पिछले 7 वर्षों से सक्रिय पत्रकारिता में जुड़े हैं। इस दौरान उन्होंने 10,000 से अधिक खबरें लिखी हैं। पुष्पेंद्र हाइपर-लोकल मुद्दों, रेलवे, रोड, इंफ्रास्ट्रक्चर, डेवलपमेंट, कृषि और मौसम से जुड़ी खबरों पर गहरी पकड़ रखते हैं। शहर से लेकर गांव-देहात तक की संवेदनशीलताओं को समझते हुए वे लोकल खबरों को ऐसा रूप देते हैं जो न केवल तथ्यपूर्ण होता है, बल्कि पाठकों से भावनात्मक रूप से भी जुड़ता है।

और पढ़ें
End of Article