वायरल न्यूज़

“पेंशन आएगी तब ड्रेस लेंगे” वाला बच्चा फिर वायरल, टीचर ने कराई मॉल में जमकर शॉपिंग, मुस्कुराहट पर दिल हार बैठे यूजर्स

Emotional Story: सोशल मीडिया पर वायरल एक अनाथ बच्चा अपनी गरीबी के कारण पुरानी यूनिफॉर्म में स्कूल जा रहा था। जब टीचर को उसकी स्थिति का पता चला, तो उन्होंने अपने पैसों से नई ड्रेस दिलाई और बाद में जरूरत का पूरा सामान भी खरीदा।

Image

Orphan boy story: पहले यूनिफॉर्म, अब पूरी शॉपिंग (फोटो: X/@ChapraZila)

Emotional Viral Story: सोशल मीडिया पर कुछ दिन पहले एक ऐसी कहानी वायरल हुई जिसने पूरे देश का दिल छू लिया। यह कहानी एक छोटे से बच्चे की है, जो एक सरकारी स्कूल में पढ़ता है और अपने दादाजी के साथ रहता है। इस बच्चे के माता-पिता अब इस दुनिया में नहीं हैं, इसलिए उसकी पूरी जिम्मेदारी उसके दादाजी पर है। दादाजी की पेंशन ही घर का एकमात्र सहारा है। जब नया स्कूल सत्र शुरू हुआ, तो बाकी बच्चों की तरह उसे भी नई यूनिफॉर्म की जरूरत थी। लेकिन घर की आर्थिक हालत ठीक नहीं थी, इसलिए वह पुरानी ड्रेस पहनकर ही स्कूल जाने लगा।

सर, बच्चे के लिए फिर से की शॉपिंग

एक दिन उसके टीचर ने ध्यान दिया और प्यार से पूछा, “बेटा, नई ड्रेस क्यों नहीं पहनी?” बच्चे ने बहुत सादगी से जवाब दिया, “सर, मेरे मम्मी-पापा नहीं हैं। दादाजी की पेंशन आएगी, तब नई ड्रेस खरीदेंगे।” बच्चे की यह बात सुनकर टीचर का दिल भर आया। उन्होंने तुरंत अपनी जेब से पैसे खर्च करके बच्चे के लिए नई शर्ट और पैंट खरीद दी। जब बच्चे ने नई यूनिफॉर्म पहनी, तो उसके चेहरे पर जो खुशी थी, वह देखने लायक थी। यह पल इतना भावुक था कि जिसने भी सुना, उसकी आंखें नम हो गईं। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया (trending video) पर शेयर किया गया, जिसे लाखों लोगों ने देखा। हर किसी ने बच्चे के हौसले और सादगी की तारीफ की। लोग टीचर की भी खूब सराहना कर रहे हैं, जिन्होंने इंसानियत की मिसाल पेश की।

अब बच्चा खुशी-खुशी जा रहा स्कूल

कुछ दिनों बाद यह बच्चा फिर चर्चा में आया। इस बार उसके टीचर ने उसे सिर्फ यूनिफॉर्म ही नहीं, बल्कि किताबें, जूते और जरूरत की कई चीजें भी दिलाईं। अब बच्चा खुशी-खुशी स्कूल जा रहा है और उसके चेहरे पर मुस्कान साफ दिखाई देती है। यह कहानी सिर्फ एक बच्चे की नहीं है, बल्कि यह दिखाती है कि थोड़ी सी मदद और संवेदनशीलता किसी की जिंदगी बदल सकती है। अगर समाज साथ दे, तो कोई भी बच्चा अकेला नहीं रहता। यही सच्ची इंसानियत है। यह वीडियो सोशल मीडिया के एक्स पर @ChapraZila नामक अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अभी तक हजारों लोगों ने देखा है। आपको यह वीडियो कैसी लगी, जरूर बताइएगा।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article