Viral News: थाईलैंड में लोगों की मेहमाननवाजी और इंसानियत की एक खूबसूरत मिसाल इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है। यह घटना नाखोन सी थम्मारात इलाके की है, जहां कुछ विदेशी पर्यटक गलती से एक थाई अंतिम संस्कार को फूड फेस्टिवल समझ बैठे। लेकिन जो हुआ, उसने दुनियाभर के लोगों का दिल जीत लिया।
दरअसल, एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया गया, जिसमें दिखाया गया कि कुछ विदेशी सैलानी एक जगह पहुंचते हैं जहां गोल-गोल टेबल पर ढेर सारा खाना सजा होता है। बैंकॉक पोस्ट के मुताबिक आसपास का माहौल देखकर उन्हें लगा कि यहां कोई फूड फेस्टिवल या बुफे रेस्त्रां चल रहा है। इसलिए वे आराम से अंदर चले आए और खाने की तरफ बढ़ने लगे। बाद में उन्हें पता चला कि यह कोई फूड इवेंट नहीं, बल्कि एक परिवार का अंतिम संस्कार कार्यक्रम है।
सच्चाई सामने आती ही मांगी माफी
सच्चाई समझते ही पर्यटक घबरा गए और तुरंत माफी मांगते हुए वहां से जाने लगे। उन्हें लगा कि उन्होंने बहुत बड़ी गलती कर दी है। लेकिन तभी शोक में डूबे परिवार ने जो किया, वही इस कहानी को खास बना देता है। परिवार के लोगों ने मुस्कुराकर उन पर्यटकों से बैठने को कहा और उनके साथ खाना खाने का आग्रह किया। उन्होंने न सिर्फ उन्हें रोका, बल्कि पूरे सम्मान के साथ भोजन भी परोसा और किसी तरह का पैसा लेने से भी मना कर दिया।
देश की सीमाओं से कहीं ऊपर होता है इंसानियत और प्यार
बताया गया कि यह जगह एक नाइट मार्केट और एक कैफे के पास थी, इसलिए पर्यटकों को भ्रम हो गया। पहले दिन दो विदेशी वहां पहुंचे थे, जिन्हें थाई आइस्ड टी, पिंक मिल्क और स्थानीय स्नैक्स भी दिए गए। अगले दिन फिर से नीदरलैंड के तीन भाई वहां आ गए और खाने का मेनू मांगने लगे। तब भी मेजबानों ने उन्हें पूरी तरह से खाना खिलाया और प्यार से व्यवहार किया। इस घटना पर सोशल मीडिया यूजर्स जमकर तारीफ कर रहे हैं।
लोगों का कहना है कि निजी दुख के समय भी किसी अजनबी के साथ इतनी दयालुता दिखाना बहुत बड़ी बात है। कई यूजर्स ने लिखा कि यही असली थाई संस्कृति है, जहां मेहमानों को भगवान माना जाता है। वीडियो शेयर करने वाले व्यक्ति ने भी कहा कि यह कहानी थाई लोगों के नरम दिल और अच्छे स्वभाव को दिखाती है। यह घटना साबित करती है कि इंसानियत और प्यार यह देश की सीमाओं से कहीं ऊपर होता है। एक गलतफहमी ने ऐसा खूबसूरत पल बना दिया, जिसे लोग लंबे समय तक याद रखेंगे।
