शहर

कोटा में NEET छात्र की संदिग्ध मौत, हॉस्टल के बाथरूम में मिला था बेहोश, परिजनों ने हॉस्टल-कोचिंग पर लगाए लापरवाही के आरोप

कोटा में NEET की तैयारी कर रहे 19 साल के गौतम की मौत हो गई। बिहार निवासी छात्र हॉस्टल के बाथरूम में अचेत मिले अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।परिजनों ने हॉस्टल और कोचिंग प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाए हैं।

Image

कोटा में NEET छात्र की संदिग्ध मौत (प्रतीकात्मक फोटो)

राजस्थान के कोटा में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे एक और छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। दरभंगा, बिहार निवासी 19 वर्षीय गौतम कुमार यहां रहकर NEET की तैयारी कर रहा था। वह लैंडमार्क इलाके की श्रीजी रेजिडेंसी में रह रहा था और एलन कोचिंग संस्थान में पढ़ाई कर रहा था।

कमरे में बेहोशी की हालत में मिलने के बाद उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने मौत की परिस्थितियों पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

खाने के समय कमरे से नहीं निकला, खिड़की से देखा तो बेहोश मिला

जानकारी के मुताबिक, 24 अक्टूबर को दोपहर करीब एक बजे गौतम खाना लेकर हॉस्टल पहुंचा था। शाम को भोजन के समय जब वह बाहर नहीं आया, तो दूसरे छात्रों ने उसके कमरे का दरवाजा खटखटाया। काफी देर तक कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर खिड़की से अंदर देखा गया। गौतम बेहोशी की हालत में मिला। इसके बाद हॉस्टल संचालक और साथियों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया। उपचार के दौरान अगले दिन उसकी मौत हो गई।

गौतम का भाई भी कोटा में रहकर पढ़ाई कर रहा है

बताया गया कि गौतम का भाई भी कोटा में रहकर पढ़ाई कर रहा है। हॉस्टल में कमरा उपलब्ध नहीं होने के कारण वह पास की एक अन्य बिल्डिंग में रहता था। 25 अक्टूबर की सुबह भाई गौतम के कमरे पर पहुंचा था। दरवाजा नहीं खुलने पर उसने हॉस्टल संचालक को सूचना दी। इसके बाद कमरे का गेट तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया। गौतम बाथरूम में अचेत अवस्था में मिला। उसके कान के पास चोट के हल्के निशान होने की बात भी सामने आई है। हालांकि, चोट कैसे लगी और मौत किस वजह से हुई, यह जांच का विषय है।

परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया मामला

गौतम की मौत के बाद परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 306 के तहत मामला दर्ज किए जाने की जानकारी दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई

पुलिस उपाधीक्षक देवेश भारद्वाज ने बताया कि गौतम को बेहोशी की हालत में अस्पताल पहुंचाया गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर शव को मोर्चरी में रखवाया गया और पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है।

भारद्वाज के अनुसार, यह कहना अभी जल्दबाजी होगी कि छात्र कितने समय तक बेहोश रहा। पुलिस मौत के कारणों और घटनाक्रम की सभी पहलुओं से पड़ताल कर रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article