अहमदाबाद शहर के सोला इलाके में अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन (AMC) के एसटीपी प्लांट में वेल्डिंग के दौरान गंभीर हादसा हो गया। ड्रेनेज लाइन में मौजूद गैस की चपेट में आने से चार कर्मचारी बेहोश हो गए। हादसे में साइट इंचार्ज मनोहर और वेल्डिंग वर्कर अभिषेक की मौत हो गई, जबकि रूपेश और निलेश का अस्पताल में इलाज जारी है।
जानकारी के मुताबिक, एचएनबी एजेंसी के चार कर्मचारी प्लांट में वेल्डिंग का काम कर रहे थे। इसी दौरान कथित तौर पर गैस के प्रभाव से एक कर्मचारी बेहोश होकर नीचे गिर गया। उसे बचाने के लिए अन्य कर्मचारी भी नीचे उतरे और चारों बेहोश हो गए। सभी को सोला सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो कर्मचारियों की मौत हो गई। अन्य दो कर्मचारियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
ट्रायल रन के दौरान चल रहा था काम
अहमदाबाद नगर निगम के सिटी इंजीनियर (वॉटर रिसोर्सेज एंड मैनेजमेंट) विजय पटेल के मुताबिक, STP प्लांट का हाल ही में ट्रायल रन चल रहा था। हादसे के समय कर्मचारी वहां नियमित काम कर रहे थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि ड्रेनेज लाइन में मौजूद गैस के कारण एक कर्मचारी को चक्कर आया और वह नीचे गिर गया। उसे बचाने के प्रयास में अन्य तीन कर्मचारी भी नीचे उतरे। विजय पटेल ने बताया कि चारों कर्मचारियों को अस्पताल पहुंचाया गया था। उन्होंने कहा कि हादसे के कारणों और कर्मचारियों की सुरक्षा व्यवस्था की जांच की जा रही है। संबंधित एजेंसी से भी पूछताछ की जाएगी।
सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
हादसे के बाद कर्मचारियों को उपलब्ध कराए गए सुरक्षा उपकरणों और काम के दौरान अपनाई गई सावधानियों पर सवाल उठ रहे हैं। प्रारंभिक तौर पर आरोप है कि जरूरी सुरक्षा इंतजामों के बिना कर्मचारियों से काम कराया जा रहा था। हालांकि, मौके पर सुरक्षा मानकों का पालन हुआ था या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। नगर निगम की ओर से ठेकेदार को नोटिस जारी किए जाने की बात कही गई है। पूरे मामले की जांच जारी है और हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
