देश

'राहुल गांधी की नानी...', मल्लिकार्जुन खरगे के बचाव में उतरीं महुआ मोइत्रा, अमित शाह का वीडियो शेयर करते हुए क्या लिखा?

Kharge's Statement on PM Modi: पीएम नरेंद्र मोदी पर मल्लिकार्जुन खरगे की विवादित टिप्पणी को लेकर सियासी घमासान तेज हो गया है। महुआ मोइत्रा और इमरान मसूद ने खरगे के बयान का समर्थन किया, जबकि अमित शाह ने कांग्रेस पर राजनीतिक मर्यादाएं तोड़ने और गाली-गलौज की राजनीति करने का आरोप लगाया।

Image

महुआ मोइत्रा ने खरगे के विवादित बयान का किया बचाव। PTI

Photo : PTI

Kharge's Statement on PM Modi: कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी को लेकर विवादित टिप्पणी की है। इस मामले पर राजनीतिक बयानबाजी खूब हो रही है। तृणमूल कांग्रेस की फायरब्रांड सांसद महुआ मोइत्रा ने अब मल्लिकार्जुन खरगे के बयान का समर्थन करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधा है।

मोइत्रा ने एक्स पर अमित शाह का वीडियो और खरगे का वीडियो एक साथ पोस्ट करते हुए लिखा, " अमित शाह ने कहा था कि राहुल गांधी की नानी CAA को रोक नहीं पाईं। आज के समय खरगे ने पीएम मोदी को लेकर विवादित बयान दिया है। इसे सह लो दोस्तों। जो बात एक पर लागू होती है, वही दूसरे पर भी लागू होती है।"

इससे पहले महुआ मोइत्रा ने बयान का समर्थन करते हुए लिखा है कि सिर्फ बाप क्यों... बाप का बाप भी जाएगा.. सही कहा खरगे जी। महुआ मोइत्रा ने आगे लिखा है कि हम इसे अंत तक लड़ेंगे हम आपको विश्वास दिलाते हैं।

ये गंदगी बोलेंगे तो गंदगी सुनेंगे: इमरान मसूद

वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर खरगे की विवादित टिप्पणी के बाद मसूद ने स्पष्ट किया कि विपक्ष अब सत्तारूढ़ दल के राजनीतिक हमलों पर चुप नहीं बैठेगा और उसी की भाषा में जवाब दिया जाएगा। मसूद ने पटना की एक रैली के दौरान दिए खरगे के बयान का बचाव किया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा के शीर्ष नेता लंबे समय से राजनीतिक मर्यादाओं को लांघते रहे हैं, लेकिन अब विपक्ष उन्हें करारा जवाब देगा।

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने खरगे के सपोर्ट में कहा, "क्या कह दिया...मोदी जी का बाप, बाप है, हमारा बाप, बाप नहीं है। वाह भाई वाह! नेहरू जी को ये गाली बकते हैं, संसद में खड़े होकर, बेशर्म, बेहाया लोग। इनसे ज्यादा बोलेंगे। अगर ये गंदगी बोलेंगे तो गंदगी सुनेंगे। अटल जी पीएम थे, उनके टाइम पर कभी कुछ हुआ? गंदगी बिखेर कर रखी दी, इन्होंने पूरे देश में।"

खरगे पर भड़के अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने खरगे के बयान पर तीखा पलटवार करते हुए कांग्रेस पर अभद्रता की सारी मर्यादाएं तोड़ने का आरोप लगाया है। अमित शाह ने ट्वीट किया, "कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने आज पटना में मोदी जी के पिताजी के बारे में अभद्र टिप्पणी कर सारी मर्यादाएं तार-तार कर दी हैं। यह पहली बार नहीं है, जब कांग्रेस पार्टी ने मोदी जी या उनके परिवार को अपशब्द कहे हों।"

अमित शाह ने लिखा, "कभी उनकी पूजनीय माताजी के विषय में अपशब्द कहे, कभी उन्हें 'मौत का सौदागर' कहा, तो कभी 'चायवाला' कहकर उनकी गरीबी का उपहास उड़ाया। राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस पार्टी हर रोज अभद्रता की सीमाएं पार करती जा रही है। बीते 12 वर्षों में लगातार मिल रही चुनावी हार से कांग्रेस पार्टी में हताशा व निराशा इतनी बढ़ चुकी है कि अब उसके पास न कोई नीति बची है, न कोई मुद्दा, बस गाली-गलौज की राजनीति बची है। जनता के बीच जनाधार खो चुकी कांग्रेस, अब अपने कार्यकर्ताओं में भी आधार खोती जा रही है। जब-जब इन्होंने मोदी जी या उनके परिवार पर घृणित टिप्पणियाँ की हैं, तब-तब जनता ने कांग्रेस को करारा जवाब दिया है।"

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!