Viral Video: कहते हैं कि 'मां' शब्द में ही पूरी दुनिया का प्यार और सुरक्षा समाई होती है। जब बात अपने बच्चे की सुरक्षा पर आती है, तो एक मां न केवल हर डर से लड़ जाती है, बल्कि मौत के मुंह से भी अपने मासूम को खींच लाती है। सोशल मीडिया पर आपको इस तरह के कई मामले देखने को और सुनने को मिल जाएंगे। कुछ ऐसा ही दिल छू लेने वाला नजारा इन दिनों लोगों के बीच छाया हुआ है, जिसे देखकर आपकी आंखें भी नम हो जाएंगी। जिसने भी यह नजारा देखा वो भावुक हो गया।
वायरल हो रहे इस भावुक वीडियो में देखा जा सकता है कि एक छोटा लंगूर का बच्चा अचानक बिजली के तारों पर चला जाता है और करंट की चपेट में आकर लटक जाता है। बच्चे को तड़पता और जान के खतरे में देख छत पर बैठी उसकी मां बिना एक पल गंवाए एक्शन में आती है। मां लंगूर बिजली के करंट के खतरे की परवाह किए बिना छत के किनारे से छलांग लगाती है और बेहद सावधानी और जांबाजी के साथ बच्चे को तार से खींचकर सुरक्षित बचा लेती है। यदि रेस्क्यू में एक सेकेंड की भी देरी होती, तो मासूम की जान जा सकती थी। रेस्क्यू करने के तुरंत बाद का नजारा किसी का भी दिल पिघला सकता है। मां अपने बच्चे को छत पर लाते ही कसकर अपने सीने से चिपका लेती है। करंट और खौफ से सहमा हुआ मासूम अपनी मां के सीने से लिपट जाता है, जबकि मां उसे सहलाती और शांत कराती नजर आती है। वीडियो में यह भी देखा और सुना जा सकता है कि आसपास मौजूद लोग और बच्चे शोर मचा रहे थे और जानवरों को परेशान कर रहे थे। वीडियो रिकॉर्ड कर रही महिला यह व्यथा व्यक्त करती है कि लोग अक्सर इन बेजुबानों को डराते और परेशान करते हैं, जिससे घबराकर ये बेजुबान बिजली के तारों और खतरों की ओर कूद पड़ते हैं। देखें वीडियो...
भावुक करने वाला नजारा
वीडियो देखकर आप भी जरूर भावुक हो गए होंगे। अब यह मामला लोगों के बीच छाया हुआ है। एक्स पर इस वीडियो को Farooqui0M नाम के पेज से शेयर किया गया है। इस वीडियो को अब तक हजारों लोग देख चुके हैं। इतना ही नहीं लोग वीडियो पर जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि मां की ममता की कोई सीमा नहीं होती, चाहे वो इंसान हो या बेजुबान जानवर। एक अन्य यूजर ने लिखा कि यह वीडियो देखकर मेरी आंखों में आंसू आ गए। जानवरों के प्रति हमें और अधिक संवेदनशील होने की जरूरत है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
