वायरल न्यूज़

VIDEO: 2 साल की उम्र में हाथों का जादू! मासूम ने तबले पर बजाई 12 तालें, 'इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड' में दर्ज कराया नाम

Viral video: सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दो साल की एक बच्ची ने तबला बजा कर इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज कराया है। आलम ये है कि लोग बच्ची की जमकर तारीफ कर रहे हैं।

Image

बच्ची ने जीता लोगों का दिल (तस्वीर साभार- @adarshahgd)

Viral Video: जब बच्चों की उम्र खिलौनों से खेलने और ठीक से बोलना सीखने की होती है, उस उम्र में अगर कोई मासूम तबले के कठिन बोलों को मुंह से दोहराते हुए उस पर उंगलियां थिरकाने लगे, तो इसे चमत्कार से कम नहीं कहा जा सकता। कर्नाटक के उत्तर कन्नड़ जिले के होन्नावर क्षेत्र की रहने वाली महज 2 साल 10 महीने की नन्हीं स्वरश्री हेगड़े ने अपनी अद्भुत संगीत प्रतिभा से न केवल पूरे देश का ध्यान खींचा है, बल्कि 'इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स' में अपना नाम भी दर्ज करा लिया है।

    स्वरश्री का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह बड़े ही आत्मविश्वास के साथ तबले के सामने बैठी हुई नजर आ रही है। वायरल हो रहे इस प्यारे से वीडियो में देखा जा सकता है कि फर्श पर चटाई बिछी हुई है और सामने हारमोनियम और तबला रखा हुआ है। पृष्ठभूमि में 'स्वरश्री संगीत शाले' का बैनर नजर आ रहा है। वीडियो की शुरुआत में पीछे से गुरु या अभिभावक की आवाज आती है, जो ताल का नाम पुकारते हैं-जैसे दादरा, रूपक, झपताल, तीनताल आदि। इसके बाद नन्हीं स्वरश्री अपने प्यारे और तुतलाते अंदाज में पहले उस ताल की बोल मुंह से बोलती है-धा धिन धिन धा... या 'तिन तिन ता...' और तुरंत बाद अपनी नन्हीं-नन्हीं उंगलियों से तबले पर ठीक उसी लय-ताल को बजाकर दिखाती है।बच्ची की लय की समझ और आत्मविश्वास इतना पक्का है कि बड़े-बड़े संगीत प्रेमी भी उसका हुनर देखकर दंग रह गए हैं। स्वरश्री ने इतनी कम उम्र में 12 अलग-अलग तालों का न सिर्फ मुंह से उच्चारण किया, बल्कि उन्हें तबले पर सटीक गति के साथ बजाया। संगीत की दुनिया में इसे 'बोल पढ़ंत और वादन' कहा जाता है। इतनी छोटी उम्र में यह एकाग्रता और स्मरण शक्ति वाकई मिसाल है। देखें वीडियो...

    बच्ची ने जीता लोगों का दिल

    इस प्रतिभा ने आपका दिल भी जरूर जीत लिया होगा। अब यह वीडियो सोशल पर छाया हुआ है। एक्स पर इस वीडियो को adarshahgd नाम के पेज से शेयर किया गया है। इस वीडियो को लाखों लोग अब तक देख चुके हैं। इतना ही नहीं यूजर्स वीडियो पर जमकर कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि उत्तर कन्नड़ के लिए यह बेहद गर्व का क्षण है, 2 साल की नन्हीं बच्ची की यह प्रतिभा अद्भुत है। एक अन्य यूजर ने लिखा कि इस मासूम बच्ची पर मां सरस्वती की विशेष कृपा है। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।

    Kaushlendra Pathak
    कौशलेंद्र पाठकauthor

    कौशलेंद्र पाठक टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कार्यरत हैं। मास कम्युनिकेशन में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद उनका सफर ग्राउंड रिपोर्टिंग से डिजिटल डेस्क तक फैला, जहां उन्होंने कंटेंट की विविध शैलियों को नजदीक से समझा। अजब-गजब, अनोखी, सोशल और ट्रेंडिंग कंटेंट पर उनकी गहरी पकड़ और तेज न्यूज सेंस ने उन्हें डिजिटल दुनिया में एक अलग पहचान दिलाई। वायरल सेक्शन के लीड के रूप में कौशलेंद्र का ध्यान हमेशा ऐसे कंटेंट पर रहता है जो रीडर्स को नई, दिलचस्प और अनजानी कहानियों से रूबरू कराए—हर बार कुछ अलग, कुछ नया।

    और पढ़ें
    End of Article