वायरल न्यूज़

कार लेकर आसमान से कूदा स्टंटमैन, Video देखकर थम जाएगी आपकी सांसे

65 मीटर यानी 213 फीट की ऊंचाई से कार बंजी जंप कर रिकॉर्ड बनाया। जानिए कैसे 8 रस्सियों और खास प्लेटफॉर्म से यह खतरनाक स्टंट पूरा हुआ।

Image

ड्राइवर कार को 65 मीटर ऊपर से लेकर कूदा (Instagram/@GuinnessWorldRecord)

कार को सड़क पर दौड़ते हुए तो आपने खूब देखा होगा, लेकिन क्या आपने कभी किसी कार को आसमान से नीचे छलांग लगाते देखा है? साल 2024 में एक ऐसा ही हैरान करने वाला स्टंट किया गया, जिसमें एक कार ने करीब 65 मीटर यानी 213 फीट 3 इंच की ऊंचाई से बंजी जंप की। इस अनोखे कार बंजी जंप ने नया रिकॉर्ड बना दिया। यह स्टंट निसान फ्रांस (Nissan France) की ओर से किया गया था। इसे पूरा करने के लिए काफी तैयारी की गई थी। पूरी योजना बनाने और खास प्लेटफॉर्म तैयार करने में करीब एक महीने का समय लगा। रिकॉर्ड बनाने का वीडियो (Video) इंस्टाग्राम पर खूब वायरल है। जिसे गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) ने अपने ऑफिशियल पेज से शेयर किया है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

कार को बनाया गया था खास

इस स्टंट के लिए निसान कैशकाई (Nissan Qashqai) कार का इस्तेमाल किया गया। कार का वजन कम करने के लिए उसके अंदर का ज्यादातर सामान निकाल दिया गया था। हालांकि, ड्राइवर की सीट और डैशबोर्ड को रखा गया था। कार को एक खास प्लेटफॉर्म पर रखा गया था। इस प्लेटफॉर्म को इस तरह बनाया गया था कि कार को दो अलग-अलग पोजिशन में रखा जा सके। शुरुआत में कार सीधी यानी क्षैतिज स्थिति में रहती थी, जबकि छलांग से पहले इसे करीब 45 डिग्री के कोण पर किया जाता था। इससे कार को नीचे की ओर जाने के लिए जरूरी गति मिलती थी।

कार में बैठे थे प्रोफेशनल स्टंटमैन

इतनी ऊंचाई से कार को नीचे भेजना कोई आसान काम नहीं था। इस खतरनाक स्टंट के लिए फ्रांस के प्रोफेशनल रेस ड्राइवर और स्टंटमैन लॉरेंट लास्को ड्राइवर सीट पर बैठे थे। कार को नीचे लाने के लिए एक खास बंजी सिस्टम तैयार किया गया था। इसमें कुल आठ रस्सियों का इस्तेमाल किया गया। इन रस्सियों का मकसद कार की गति और नीचे जाने की दूरी को बेहतर तरीके से नियंत्रित करना था।

क्रेन और केज से संभाली गई कार

कार को सही जगह पर रखने के लिए क्रेन और एक खास केज का भी इस्तेमाल किया गया। इस पूरे स्टंट में क्रेन ऑपरेटर की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण थी। प्लेटफॉर्म को सही समय पर और सही तरीके से घुमाना जरूरी था। रिकॉर्ड सफल होने के लिए सिर्फ कार का सुरक्षित रहना ही जरूरी नहीं था, बल्कि बंजी की रस्सियों का भी सही-सलामत रहना जरूरी था। अच्छी बात यह रही कि स्टंट के बाद कार और बंजी सिस्टम दोनों सुरक्षित रहे। 65 मीटर की ऊंचाई से कार की यह छलांग देखने में जितनी रोमांचक लगती है, इसके पीछे उतनी ही लंबी तैयारी और बेहद सटीक तकनीक काम करती है। यह स्टंट दिखाता है कि रिकॉर्ड बनाने के लिए सिर्फ हिम्मत नहीं, बल्कि शानदार योजना, तकनीक और सुरक्षा व्यवस्था भी जरूरी होती है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article