शहर

दिल्ली में हैवानियत, मणिपुर के जाने-माने गिटारवादक की पीट-पीटकर हत्या, मामूली बात पर किया मर्डर

रविवार रात करीब 11:30 बजे विक्रम सिंह अपने घर का कचरा फेंकने के लिए नीचे आए थे। वहां पास के दो ढाबों पर काम करने वाले कुछ कर्मचारी तेज आवाज में चिल्ला रहे थे और हंगामा कर रहे थे। इसका विरोध करना उन्हें भारी पड़ा।

Image

दिल्ली में मणिपुरी म्यूजिक टीचर की हत्या

Delhi News Today: दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के किलोकरी गांव में रविवार देर रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां मणिपुर के 54 वर्षीय मशहूर गिटारवादक और संगीत शिक्षक विक्रम सिंह चोंगथम (Vikram Singh Chongtham) की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने इस मामले में तेज कार्रवाई करते हुए 7 बालिग आरोपियों को गिरफ्तार किया है और 1 नाबालिग (15 वर्ष) को हिरासत में लिया है।

हंगामा करने से रोका तो पीट-पीटकर मार डाला

रविवार रात करीब 11:30 बजे विक्रम सिंह अपने घर का कचरा फेंकने के लिए नीचे आए थे। वहां पास के दो ढाबों पर काम करने वाले कुछ कर्मचारी तेज आवाज में चिल्ला रहे थे और हंगामा कर रहे थे। जब विक्रम सिंह ने उनके इस शोर-शराबे का विरोध किया, तो आरोपियों के साथ उनकी बहस हो गई। इसके बाद जान बचाकर जब विक्रम अपने अपार्टमेंट की तीसरी मंजिल की ओर भागे, तो आरोपियों ने उनका पीछा किया। आरोपियों ने तीसरी मंजिल के कॉरिडोर में उन्हें घेर लिया और उनके साथ बर्बरतापूर्वक मारपीट की। हमले के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

अस्पताल में तोड़ा दम

घटना के बाद परिवार के सदस्य और स्थानीय लोग उन्हें तुरंत ओखला स्थित एक निजी अस्पताल ले गए, जहां इलाज के दौरान सोमवार सुबह करीब 7:00 बजे उनकी मृत्यु हो गई। दिल्ली पुलिस को घटना की सूचना रात करीब 1:38 बजे मिली। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी निगरानी और स्थानीय इनपुट के आधार पर आठों आरोपियों की पहचान कर उन्हें धर दबोचा। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103(2) (जाति, समुदाय, भाषा या मूल स्थान के आधार पर सामूहिक हत्या) और धारा 3(5) (समान मंशा से किया गया अपराध) के तहत मामला दर्ज किया है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

भारत कुमार (19 वर्ष)

प्रमोद (26 वर्ष)

रमजान खान (22 वर्ष)

विजय (36 वर्ष)

दीपांशु (21 वर्ष)

मोहन विश्वकर्मा (32 वर्ष)

मन्नू (26 वर्ष)

एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़का (हिरासत में)

पुलिस के अनुसार, इनमें से चार आरोपी ढाबे पर डिलीवरी बॉय, दो पैकेजिंग वर्कर और एक पिज्जा कियोस्क पर काम करता है।

पूर्वोत्तर समुदाय में आक्रोश

घटना के विरोध में सोमवार शाम किलोकरी गांव में पूर्वोत्तर समुदाय के लगभग 100 लोगों ने एकत्र होकर कैंडललाइट मार्च निकाला और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। मणिपुर के पूर्व मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह ने इस घटना पर दुख जताते हुए 'X'पर लिखा: "प्रसिद्ध मणिपुरी गिटारवादक और वेस्टर्न म्यूजिक के दिग्गज श्री चोंगथम विक्रम सिंह के दुखद निधन से गहरा दुख पहुंचा है। मैं दिल्ली पुलिस से अपील करता हूं कि इस मामले की गहन जांच की जाए और जल्द से जल्द न्याय सुनिश्चित किया जाए।" विक्रम सिंह दिल्ली में पिछले 17 वर्षों से एक निजी म्यूजिक टीचर के रूप में काम कर रहे थे और अपने परिवार (पत्नी जोशना और 20 वर्षीय बेटे याइफाबा) के साथ किलोकरी में रहते थे।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article