वायरल न्यूज़

यह कोई स्पेस सेंटर नहीं बल्कि कोलकाता में बना दुर्गा पंडाल है, भव्यता देख पब्लिक रह गई दंग

दुर्गा पूजा में तो आपने कई पंडाल देखे होंगे, लेकिन हम यह बिल्कुल दावे के साथ कह सकते हैं कि आपने इस तरह का पंडाल आज तक नहीं देखा होगा। दरअसल, यह पंडाल देखने में किसी स्पेस सेंटर की तरह लग रहा है, लेकिन आपको बता दें कि ये कोई स्पेस सेंटर या साइंस म्यूजियम नहीं है बल्कि कलाकारों द्वारा बनाया गया एक पंडाल है, जिसकी भव्यता देख करोड़ों लोग अपना दिल हार चुके हैं।

Image

अर्जुनपुर अमरा सबाई क्लब दुर्गा पूजा पंडाल (Instagram/@ig.creatorhasan)

आज विजयदशमी है और नवरात्र खत्म हो चुका है। पूरे देश में बड़ी ही धूमधाम से नवरात्र का त्योहार मनाया गया। सबसे ज्यादा दुर्गा पूजा पश्चिम बंगाल में भव्य तरीके से मनाया जाता है। सोशल मीडिया पर कोलकाता में बने पंडाल और मूर्तियों की झलक वीडियो के जरिए सामने आ रही है, जिसे देख लोग दंग रह गए। यहां पंडालों को ऐसा सजाया गया है जैसे ये पंडाल नहीं बल्कि सचमुच के कोई भवन हों।

पंडाल का वीडियो सोशल मीडिया पर हुआ वायरल

हाल में कोलकाता में बने एक ऐसे ही पंडाल का वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है, जिसे देख कोई ये नहीं कह सकता कि ये पंडाल है। वीडियो में देखा जा सकता है कि दिख रहा पंडाल किसी साइंस म्यूजियम की तरह लग रहा है। उसकी सजावट कुछ ऐसी की गई है कि लग रहा है कि ये कोई रिसर्च सेंटर हो।

कहां बना है यह पंडाल?

यह अनोखा पंडाल कोलकाता के अर्जुनपुर अमरा सबाई क्लब ने तैयार किया है। यह पंडाल 'मुखो मुखी' (Face to Face) थीम पर बना है। जिसे तलतला इलाके में बनाया गया है। अर्जुनपुर अमरा सबाई क्लब साल 1973 में बनाया गया था। इस बार इस क्लब ने दुर्गा पूजा को फ्यूचरिस्टिक ट्विस्ट देते हुए एक भव्य पंडाल तैयार किया है।

किसने बनाया इस पंडाल को?

इस पंडाल को प्रसिद्ध कलाकार शोविन भट्टाचार्जी ने बनाया है। यह पंडाल काइनेटिक आर्ट, रिफ्लेक्टिव स्टेनलेस स्टील इंस्टॉलेशन और नीली रोशनी से सजा दिख रहा है। वीडियो में दिखाई गई इंस्टॉलेशन, चमचमाते मेटल के कंस्ट्रक्शन, घूमते हुए काइनेटिक एलिमेंट और फ्यूचरिस्टिक लाइटिंग देख ऐसा लग रहा है जैसे किसी स्पेस सेंटर में आ गए हों या फिर आप किसी साइंस फिक्शन म्यूजियम में आ गए हों।

पंडाल का वीडियो देख इंटरनेट की जनता रह गई दंग

पंडाल के बीचोबीच माँ दुर्गा विराजमान हैं। बंगाली संस्कृति और आध्यात्मिकता का अनोखा संगम इस वक्त सोशल मीडिया के हर एक प्लेटफॉर्म पर छाया हुआ है। जिसे देखने के बाद यूजर्स इसे दिमाग की नसें हिला देने वाला बता रहे हैं। वीडियो पर एक यूजर ने कमेंट करते हुए लिखा, "यह कोई फिल्म सेट नहीं, बल्कि कोलकाता का असली पंडाल है! संजय लीला भंसाली भी हार मान लें।" दूसरे ने लिखा, "साइंस म्यूजियम जैसा लग रहा है, लेकिन माँ दुर्गा की शक्ति ही असली फ्यूचर है।" इस वीडियो को हमने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम अकाउंट @ig.creatorhasan से उठाया है। जिसे अब तक करोड़ों व्यूज और 36 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article