नई दिल्ली: भारत के पूर्व धाकड़ तेज गेंदबाज जहीर खान ने जर्मन क्रिकेट फेडरेशन के साथ मिलकर एक नई टी20 लीग लॉन्च की ही। महिला-पुरुष क्रिकेट खिलाड़ियों वाली साझा टी20 लीग को मिक्स्ड नाम दिया गया है। इस महत्वाकांक्षी पहल का उद्देश्य पुरुष और महिला क्रिकेटरों को एक ही प्लेइंग इलेवन में शामिल कर क्रिकेट के पारंपरिक प्रारूप को नई दिशा देना है।
एक ही टीम में होंगे महिला और पुरुष खिलाड़ी
इस अनोखी पहल की परिकल्पना एंकर स्पोर्ट्स ने की है, जिसके सह-मालिक जहीर खान और आईटी क्षेत्र के उद्यमी नागेंद्र सिद्दौतम हैं। इसे जर्मन क्रिकेट महासंघ (डॉयचर क्रिकेट बंड) के साथ साझेदारी में विकसित किया जा रहा है। फ्रेंचाइजी क्रिकेट लीग के इस नए फॉर्मेट में में प्रोफेशनल पुरुष और महिला क्रिकेटर एक साथ मैदान पर उतरेंगे। यह टी20 क्रिकेट को एक नया और समावेशी स्वरूप देगा। पुरुषों और महिलाओं के अलग-अलग टूर्नामेंट आयोजित करने की परंपरा से हटकर इसमें सभी खिलाड़ी एक ही प्रतियोगिता का हिस्सा होंगे। इसमें एक ही स्कोरबोर्ड होगा और विजेता भी एक ही टीम बनेगी।
ऐसा होगा टीमों का संयोजन
टूर्नामेंट की शुरुआत पांच टीमों के साथ होगी। ये पांच टीमें कुल 12 टी20 मैच खेलेंगी। प्रत्येक टीम में प्रत्येक टीम में 18 खिलाड़ी होंगे। प्लेइंग-11 में 6 महिला और 5 पुरुष क्रिकेटर होंगे। खेल का संचालन टी20 क्रिकेट के मौजूदा नियमों और खेल के स्वरूप को बरकरार रखा जाएगा। खिलाड़ियों की सुरक्षा के उपाय और सबस्टीट्यूशन के नियम भी शामिल रहेंगे जिससे कि मुकाबले व्यवस्थित और प्रतिस्पर्धात्मक बने रहें।
लोगों की पहुंच पर निर्भर करेगा भविष्य
जहीर खान ने कहा लीग ऐलान करते हुए कहा,'क्रिकेट में लोगों को एक साथ जोड़ने की ताकत है। खासकर यूरोप जैसे उभरते बाजारों में इस खेल की आगे की वृद्धि इस बात पर निर्भर करेगी कि हम इसे ज्यादा से ज्यादा लोगों तक कितनी आसानी से पहुंचा पाते हैं। ‘इक्वल’ जैसी पहल इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। इनके जरिये सभी लिंग के लोगों को खेल में हिस्सा लेने, योगदान देने और इसकी विकास यात्रा का हिस्सा बनने का अवसर मिलेगा। वर्ष 2028 में क्रिकेट की ओलंपिक खेलों में वापसी होने जा रही है। ऐसे में इस खेल को नए समुदायों तक पहुंचाने और वैश्विक स्तर पर इसका दायरा बढ़ाने का अच्छा अवसर है। ‘इक्वल’ को खास बनाने वाली बात यह है कि इसमें एक पुरुष और एक महिला क्रिकेटर एक ही मैदान पर आमने-सामने मुकाबला करेंगे।'
विस्तार की हैं अपार संभावनाएं
जर्मन क्रिकेट महासंघ (डीसीबी) के अध्यक्ष सेवेरिन वाइस ने कहा,'जर्मनी में पहले से ही पुरुषों और महिलाओं का एक बड़ा क्रिकेट समुदाय मौजूद है। हमें ऐसे मंच तैयार करने में अपार संभावनाएं दिखाई देती हैं, जो इन समुदायों को अधिक व्यवस्थित और प्रतिस्पर्धात्मक माहौल में एक साथ ला सकें। ‘इक्वल’ हमें मौजूदा आधार को और मजबूत करने, अधिक लोगों को खेल से जोड़ने, स्थानीय समुदायों तक क्रिकेट पहुंचाने और इस खेल को व्यापक दर्शकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर देता है।'
