सोशल मीडिया पर कई वीडियो (Video) ऐसे वायरल होते है जो लोगों के दिल को सुकून देने का काम करते हैं। हाल में एक ऐसा ही वीडियो इन दिनों जमकर वायरल हो रहा है, जिसे देखकर हर किसी का दिल खुश हो गया। इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक छोटी सी स्कूल की बच्ची पुलिस के जवानों को पानी पिला रही है।
पुलिसकर्मियों को रोज पानी पिलाती है यह लड़की
वीडियो के बैकग्राउंड में एक महिला पुलिस जवान को यह कहते हुए सुना जा सकता है कि यह बच्ची पुलिस वालों को हर रोज पानी पिलाती है। सुबह-सुबह हर रोज हम पुलिस वालों की एक दौड़ होती है, जहां ये बच्ची रोज पानी लेकर खड़ी रहती है और हमें पानी पिलाने का काम करती है। आज भी स्कूल के लिए इसे लेट हो रहा था फिर भी वह पानी पिलाने के लिए यहां पर खड़ी है और हमें पानी पिलाने के बाद ही स्कूल जाएगी।
पुलिसकर्मियों को पानी पिलाती नजर आई स्कूली छात्रा
वायरल वीडियो (Viral Video) में आप देख सकते हैं कि से ही पुलिसकर्मी उसके घर के पास से गुजरते हैं, वह तुरंत एक बाल्टी में पानी और ग्लास लेकर उनके इंतजार में खड़ी रहती है और उन्हें अपने हाथों से पानी पिलाती है। इस काम को करने के दौरान उसके चेहरे पर मुस्कान साफतौर पर देखी जा सकती है। यह कोई एक दिन की बात नहीं है। बताया जा रहा है कि लड़की रोज ऐसा करती है। चाहे उसे स्कूल के लिए देर ही क्यों न हो जाए, लेकिन वह जवानों को पानी देना नहीं छोड़ती।
लोगों ने की लड़की की तारीफ
इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @mnju_bantawaz नाम की यूजर ने शेयर किया है। लोग इस वीडियो को खूब पसंद कर रहे हैं। कोई इसे “असली संस्कार” बता रहा है, तो कोई “इंसानियत की मिसाल” कह रहा है। कई लोग लिख रहे हैं कि आज के समय में ऐसी छोटी-छोटी अच्छाइयां ही दुनिया को बेहतर बनाती हैं।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
