स्पोर्ट्स

भारत गुरुवार को पेश करेगा ओलंपिक 2036 की मेजबानी का दावा, आधुनिक बुनियादी ढांचा, मजबूत पिछला रिकॉर्ड होगा आधार

भारत ओलंपिक खेल 2036 की मेजबानी के लिए अपना दावा गुरुवार को पेश करने जा रहा है। आधुनिक बुनियादी ढांचा और मजबूत पिछले रिकॉर्ड के आधार पर भारत मेजबानी की मांग कर रहा है। मेजबानी की दौड़ में भारत को 6 देशों से टक्कर मिलेगी।

Image

मनसुख मांडवीय (फोटो क्रेडिट Dr Mansukh Mandaviya X)

नई दिल्ली: ओलंपिक खेलों 2036 की मेजबानी के लिये भारत गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) के फ्यूचर होस्ट कमीशन (भावी मेजबान चयन आयोग) के समक्ष ऑनलाइन अपना दावा पेश करेगा जहां उसे छह अन्य देशों से टक्कर मिलेगी। भारत इस दौरान वैश्विक खेल आयोजनों के सफल संचालन के अपने समृद्ध अनुभव और हाल के वर्षों में विकसित आधुनिक खेल बुनियादी ढांचे के दम पर अंतरराष्ट्रीय संस्था को प्रभावित करने का प्रयास करेगा।

भारत को ओलंपिक की मेजबानी के लिए जर्मनी, हंगरी, कतर, दक्षिण कोरिया, दक्षिण अफ्रीका और तुर्किये से चुनौती मिल रही है। इस तरह कुल सात देश 2036 ओलंपिक की मेजबानी की दावेदारी पेश कर रहे हैं। भारतीय दल का प्रतिनिधित्व केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मांडविया, खेल सचिव हरि रंजन राव, भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) की निवर्तमान अध्यक्ष पीटी उषा, आईओए एथलीट आयोग की प्रमुख एवं दिग्गज बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधू, गुजरात के खेल मंत्री हर्ष सांघवी और आईओए के मुख्य कार्यकारी अधिकारी रघुराम अय्यर सहित अन्य अधिकारी करेंगे।

इस प्रस्तुति में भारत के पूर्व रिकॉर्ड के साथ-साथ अहमदाबाद की तैयारियों को भी प्रमुखता दी जाएगी। संभावित मेजबान शहर अहमदाबाद को वर्ष 2030 के राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी पहले ही मिल चुकी है। ऐसे में 2036 ओलंपिक के आयोजन तक यहां बड़े पैमाने पर आधुनिक खेल सुविधाएं और बुनियादी ढांचा पूरी तरह विकसित हो जाने की उम्मीद है। इसके अलावा गुजरात का यह शहर वर्ष 2029 में द्विवार्षिक विश्व पुलिस एवं अग्निशमन खेलों की भी मेजबानी करेगा।

भारत ने जनवरी 2025 से जून 2026 के बीच 15 से अधिक शहरों में 36 अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया है। इसके अलावा वर्ष 2027 और 2028 में होने वाली 19 अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं की मेजबानी के अधिकार भी भारत हासिल कर चुका है। मामले से जुड़े एक वरिष्ठ सूत्र ने पीटीआई को बताया,'हमारी जानकारी के मुताबिक, अब तक केवल तुर्किये ने आईओसी के समक्ष अपनी प्रस्तुति दी है। हमारा जोर देश की बढ़ती क्षमताओं, नवनिर्मित बुनियादी ढांचे और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों की मेजबानी के पिछले रिकॉर्ड को सामने रखने पर होगा।'

भारत की यह महत्वपूर्ण प्रस्तुति ऐसे समय में हो रही है, जब भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) चुनाव प्रक्रिया को लेकर विवादों में घिरा हुआ है। पीटी उषा ने कुछ सप्ताह पहले अध्यक्ष पद की दौड़ से अपना नाम वापस ले लिया था। इससे पहले उन्होंने आरोप लगाया था कि कुछ ’बाहरी ताकतें’ उनकी उम्मीदवारी को नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर रही हैं। उषा ने इस मामले में अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति से हस्तक्षेप की मांग भी की थी। इसके बाद आईओसी ने बयान जारी कर चुनाव प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष और किसी भी तरह के बाहरी हस्तक्षेप से मुक्त रखने की अपील की थी।

भारत की प्रस्तुति के बाद आईओसी ’जनमत सर्वेक्षण’ करायेगा जिसमें भाग लेने वाले लोगे के नाम गोपनीय रखे जायेंगे। इसके जरिए 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए भारत की दावेदारी पर आम जनता की राय जानने का प्रयास किया जाएगा। यह सर्वेक्षण दिसंबर के तीसरे सप्ताह में कराए जाने की संभावना है। अगले वर्ष मार्च में भारत की दावेदारी के मूल्यांकन में इसके नतीजों की भी भूमिका होगी। इसके बाद चयन प्रक्रिया का अगला चरण 'रणनीतिक संवाद' शुरू होगा।

इस चरण में मेजबानी की इच्छुक देशों को भावी मेजबानी प्रश्नावली (फ्यूचर होस्ट क्वेश्चनेयर) का प्रारंभिक जवाब और आयोजन से संबंधित प्रमुख वित्तीय गारंटी प्रस्तुत करनी होगी। वर्ष 2028 में चयन प्रक्रिया का अंतिम चरण ’टारगेटेड डायलॉग (विशेष विचार-विमर्श)’ शुरू होगा। इस दौरान आईओसी के सदस्य देशों को फ्यूचर होस्ट कमीशन की रिपोर्ट सौंपी जाएगी। इसके बाद वर्ष 2029 के मध्य में आईओसी का कार्यकारी बोर्ड उन देशों को ’पसंदीदा मेजबान’ के रूप में चुनेगा, जिनके नाम 2036 ओलंपिक की मेजबानी के अंतिम चुनाव के लिए आईओसी सत्र के समक्ष रखे जाएंगे।

भारतीय ओलंपिक संघ ने शुरुआत में 2036 ओलंपिक के लिए अपनी परिकल्पना को 'राइजिंग टुगेदर' (साथ मिलकर आगे बढ़ना) थीम पर आधारित करने की बात कही थी। बाद में हालांकि यह पता चला कि यह नारा जापान की ओर से 2020 टोक्यो ओलंपिक की मेजबानी के लिए इस्तेमाल किए गए नारे से मिलता-जुलता है। इसके बाद भारत ने इस विचार को छोड़ दिया।

गौरतलब है कि आईओसी ने पिछले महीने 2036 ओलंपिक की मेजबानी में रुचि रखने वाले सभी सात देशों को अपने खेल आयोजन संबंधी प्रस्ताव फ्यूचर होस्ट कमीशन के समक्ष प्रस्तुत करने के लिए आमंत्रित किया था। आईओसी अध्यक्ष किर्स्टी कोवेंट्री के नेतृत्व वाला यह आयोग विभिन्न तकनीकी और अन्य मानकों के आधार पर सभी प्रस्तावों का मूल्यांकन करेगा। इनमें खेल स्थलों की व्यापक योजना, खिलाड़ियों को मिलने वाली सुविधाओं और अनुभव, वित्तपोषण की रणनीति, राजनीतिक एवं जनसमर्थन, खेलों के सफल आयोजन की क्षमता तथा मेजबान शहरों और समुदायों को दीर्घकालिक लाभ पहुंचाने की योजना शामिल है।

कोवेंट्री ने पिछले महीने कहा था, 'ओलंपिक खेलों का आयोजन चाहे कहीं भी हो, इस बात में कोई बदलान नहीं आनी चाहिये कि हम जो कुछ भी करें, उसके केंद्र में खिलाड़ी होने चाहिए।' उल्लेखनीय है कि भारत ने वर्ष 2024 में 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के लिए अपनी रुचि का औपचारिक प्रस्ताव (एक्सप्रेशन ऑफ इंटरेस्ट) आईओसी को सौंपा था।

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article