बिहार का मखाना अब सिर्फ खेती और पारंपरिक कारोबार तक सीमित नहीं है। देश के साथ-साथ विदेशों में भी इसकी मांग बढ़ रही है। ऐसे में अगर आप अपना बिजनेस शुरू करने की योजना बना रहे हैं तो मखाना प्रोसेसिंग यूनिट एक अच्छा विकल्प बन सकती है। खास बात यह है कि इसके लिए बिहार सरकार और केंद्र सरकार की ओर से अलग-अलग योजनाओं के तहत आर्थिक मदद भी दी जाती है। आप अपने बजट के हिसाब से छोटी या बड़ी यूनिट लगा सकते हैं। बिहार सरकार के उद्यान निदेशालय ने इसके लिए माइक्रो, स्मॉल, मीडियम और लार्ज लेवल की मॉडल परियोजनाएं भी उपलब्ध कराई हैं।
बिहार में मखाना प्रोसेसिंग यूनिट लगाने में कितना खर्च आएगा?
मखाना प्रोसेसिंग का बिजनेस शुरू करने में खर्च इस बात पर निर्भर करेगा कि आप कितनी क्षमता की यूनिट लगाना चाहते हैं। बिहार सरकार के मॉडल प्रोजेक्ट के मुताबिक, 100 किलो कच्चे मखाना बीज प्रतिदिन प्रोसेस करने वाली माइक्रो यूनिट की अनुमानित लागत 10 लाख रुपये है। वहीं 200 से 500 किलो कच्चे बीज प्रतिदिन प्रोसेस करने वाली स्मॉल लेवल यूनिट के लिए करीब 39 लाख रुपये का प्रावधान है। यानी कम बजट में भी इस कारोबार में शुरुआत करने का विकल्प मौजूद है।
छोटी से लेकर बड़ी यूनिट तक के विकल्प
अगर आप कम निवेश से शुरुआत करना चाहते हैं तो माइक्रो लेवल यूनिट लगा सकते हैं। इसमें कच्चे मखाना बीज की ग्रेडिंग, भुनाई और पॉपिंग के लिए मशीनें लगाई जाती हैं। स्मॉल लेवल यूनिट में बीज धोने, सुखाने, ग्रेडिंग और पॉपिंग के साथ फ्लेवरिंग और मखाना पफ्स बनाने की सुविधा भी जोड़ी जा सकती है। वहीं 1500 किलो कच्चे बीज प्रतिदिन प्रोसेस करने वाली मीडियम यूनिट की अनुमानित लागत 3 करोड़ रुपये है। इससे बड़ी यानी लार्ज लेवल यूनिट के लिए करीब 7 करोड़ रुपये का मॉडल लागत मानक तय किया गया है।
मखाना प्रोसेसिंग यूनिट की अनुमानित लागत
| यूनिट का प्रकार | रोजाना प्रोसेसिंग क्षमता | अनुमानित लागत |
| माइक्रो | 100 किलो तक | ₹10 लाख |
| स्मॉल | 200-500 किलो | ₹39 लाख |
| मीडियम | 1,500 किलो | ₹3 करोड़ |
| लार्ज | 1,500 किलो से ज्यादा | ₹7 करोड़ |
सरकार से कितनी मिल सकती है सब्सिडी?
मखाना प्रोसेसिंग यूनिट लगाने वालों के लिए राष्ट्रीय मखाना बोर्ड की योजना के तहत आर्थिक सहायता का प्रावधान है। इसके अनुसार निजी क्षेत्र की माइक्रो, स्मॉल, मीडियम और लार्ज यूनिट के लिए पात्र परियोजना लागत पर 35% तक सहायता का प्रावधान है। वहीं किसान उत्पादक संगठन यानी FPO के लिए कई श्रेणियों में यह सहायता 50% तक है। उदाहरण के लिए, 10 लाख रुपये की माइक्रो यूनिट पर 35% के हिसाब से 3.5 लाख रुपये और 39 लाख रुपये की स्मॉल यूनिट पर 13.65 लाख रुपये तक की सहायता बनती है। हालांकि, यह राशि पात्रता, स्वीकृत प्रोजेक्ट और योजना की शर्तों के अधीन होगी।
किन मशीनों की पड़ेगी जरूरत?
मखाना प्रोसेसिंग यूनिट में कारोबार के स्तर के अनुसार अलग-अलग मशीनें लगानी होती हैं। इनमें कच्चे बीज की सफाई के लिए सीड वॉशर, आकार के अनुसार छंटाई के लिए ग्रेडिंग मशीन, भुनाई के लिए रोस्टिंग मशीन और मखाना तैयार करने के लिए पॉपिंग मशीन शामिल हैं। इसके अलावा तैयार मखाने की ग्रेडिंग, फ्लेवरिंग, पैकेजिंग और स्टोरेज के लिए भी मशीनों की जरूरत पड़ती है। अगर आप केवल सादा मखाना बेचने के बजाय फ्लेवर्ड मखाना, मखाना पफ्स, मखाना पाउडर और इंस्टेंट खीर जैसे उत्पाद बनाते हैं तो वैल्यू एडिशन के जरिए कारोबार का दायरा बढ़ा सकते हैं।
बिहार में कहां लगाना फायदेमंद हो सकता है?
बिहार में मखाना प्रोसेसिंग यूनिट लगाने के लिए दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, कटिहार, पूर्णिया, अररिया और किशनगंज जैसे जिले अच्छे विकल्प हो सकते हैं। इन इलाकों में मखाना उत्पादन और इससे जुड़े कारोबार का मजबूत आधार मौजूद है। केंद्र सरकार के अगस्त 2026 के आंकड़ों के मुताबिक, बिहार में 2025-26 के दौरान मखाना उत्पादन करीब 60 हजार मीट्रिक टन रहा। राज्य देश का सबसे बड़ा मखाना उत्पादक है। ऐसे में उत्पादन वाले इलाकों के आसपास प्रोसेसिंग यूनिट लगाने से कच्चा माल जुटाने और किसानों से संपर्क बनाने में मदद मिल सकती है।
आवेदन कहां और कैसे करें?
अगर आप इस कारोबार को शुरू करना चाहते हैं तो बिहार सरकार के उद्यान निदेशालय की आधिकारिक वेबसाइट पर राष्ट्रीय मखाना बोर्ड का पोर्टल देख सकते हैं। यहां माइक्रो, स्मॉल, मीडियम और लार्ज यूनिट के लिए मॉडल DPR यानी विस्तृत परियोजना रिपोर्ट और आवेदन से जुड़ी जानकारी उपलब्ध है। आवेदन से पहले अपनी यूनिट की क्षमता तय करें, मशीनों की कीमत का कोटेशन लें और जमीन, निर्माण, कच्चे माल तथा बाजार की उपलब्धता के आधार पर प्रोजेक्ट रिपोर्ट तैयार करें। इसके बाद संबंधित योजना की पात्रता और स्वीकृति प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
