वायरल न्यूज़

VIDEO: पड़ोसी नहीं, परिवार बन गए! भारत लौट रहे भारतीय पड़ोसियों को विदा करते-करते रो पड़ी अमेरिकी महिला

भारतीय पड़ोसियों के भारत लौटने पर अमेरिकी महिला भावुक होकर रो पड़ी। गले लगाकर दी गई इस दिल छू लेने वाली विदाई का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

Image

भारतीय पड़ोसियों के भारत लौटने पर अमेरिकी महिला भावुक होकर रो पड़ी। (Instagram/@mo.of.everything)

अक्सर कहा जाता है कि पड़ोसी सिर्फ घर के आसपास रहने वाले लोग नहीं होते, बल्कि अच्छे पड़ोसी मुश्किल और खुशी दोनों समय परिवार की तरह साथ खड़े रहते हैं। ऐसा ही एक भावुक पल इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने लोगों का दिल छू लिया है। वीडियो में एक अमेरिकी महिला अपने भारतीय पड़ोसियों को विदाई देते हुए रोती नजर आ रही है।

पड़ोसियों को अलविदा कहते वक्त छलक पड़े अमेरिकी महिला के आंसू

यह वीडियो उस समय का है जब एक भारतीय कपल अमेरिका छोड़कर भारत वापस लौट रहा था। दोनों डेट्रॉइट एयरपोर्ट के लिए रवाना होने की तैयारी कर रहे थे। तभी उनकी एक अमेरिकी पड़ोसी उनके पास पहुंची और उन्हें गले लगा लिया। इसके बाद जो हुआ, वह देखकर किसी की भी आंखें नम हो सकती हैं। वीडियो में अमेरिकी महिला भारतीय कपल को कसकर गले लगाए हुए दिखाई देती है। वह काफी भावुक हो जाती है और रोने लगती है। दूसरी तरफ कपल मुस्कुराते हुए उसे संभालने और शांत करने की कोशिश करता है। कुछ ही सेकंड का यह वीडियो पड़ोसियों के बीच बने गहरे रिश्ते की खूबसूरत तस्वीर दिखाता है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें

बिना बताए रिकॉर्ड हुआ विदाई का पल

इस वायरल वीडियो (Viral Video) की सबसे खास बात यह है कि भारतीय कपल को उस समय पता ही नहीं था कि उनकी विदाई का वीडियो बनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि एक दोस्त ने बिना बताए इस पूरे पल को कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया था। जिसे बाद में विजय कोक्करागड्डा नाम के एक इंस्टाग्राम यूजर ने अपने अकाउंट @vijay_kokkeragadda से शेयर किया है। जो कि उस अमेरिकी महिला के पड़ोसी थे और वीडियो में जिन्हें वह महिला गले लगा रही है। बाद में दोस्त ने यह वीडियो उन्हें भेजा। विजय ने बताया कि उन्हें खुशी है कि उनके पास अब यह खूबसूरत याद हमेशा के लिए मौजूद है। उनके मुताबिक, वीडियो उसी दिन बनाया गया था, जिस दिन वह और उनकी पत्नी भारत लौटने के लिए डेट्रॉइट एयरपोर्ट जा रहे थे।

सोशल मीडिया पर लोगों ने खूब प्यार बरसाया

उनके इस वीडियो (Video) के शेयर करते ही यह सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल गया। लोग इसे धड़ल्ले से शेयर करने लगे। हमने इस वीडियो को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर करने वाले @mo.of.everything नामक अकाउंट से लिया है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी भावुक हो गए। लोगों ने कहा कि यह वीडियो दिखाता है कि सच्चे रिश्ते बनाने के लिए किसी खास रिश्ते या खून के संबंध की जरूरत नहीं होती। कई लोगों ने अमेरिकी महिला और भारतीय कपल के बीच दिख रहे प्यार की तारीफ की। कुछ यूजर्स ने लिखा कि यह देखकर ऐसा लगता है जैसे पड़ोसी नहीं बल्कि एक परिवार के सदस्य एक-दूसरे से दूर हो रहे हों।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article