वायरल न्यूज़

Viral Video: इलाके पर कब्जे के लिए आपस में भिड़े दो तेंदुए, जान बचाने को एक ने ऊंचे पेड़ से लगाई खतरनाक छलांग

जंगल में रहने वाले जानवरों के बीच अपने इलाके को लेकर अक्सर लड़ाई होती रहती है। खासकर तेंदुए जैसे जानवर अपने क्षेत्र की रक्षा के लिए किसी भी हद तक चले जाते हैं।

Image

दो तेंदुए की लड़ाई कैमरे में हुई कैद (Image Credit- AI Generated Image, Instagram/@latestkruger)

जंगल में ऐसे कई खूंखार और खतरनाक जानवर रहते हैं, जो अपने इलाके को लेकर बहुत ही संवेदनशील होते हैं। ये जानवर अक्सर अपने इलाके की सुरक्षा को लेकर एक-दूसरे से भिड़ जाते हैं। शेर, बाघ, तेंदुए, चीते जैसे जानवर अपने इलाके में किसी की भी दखलंदाजी बर्दास्त नहीं करते। अगर कोई उनके इलाके में घुसता है तो वे पूरी ताकत से लड़ते हैं और दूसरे को खदेड़ कर ही दम लेते हैं। इलाके को लेकर हुई इस जंग में ये जानवर किसी भी हद तक चले जाते हैं। इन दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दो तेंदुओं के बीच हुई जबरदस्त भिड़ंत ने लोगों को हैरान करके रख दिया है।

पेड़ की ऊंचाई से कूदकर तेंदुए ने बचाई अपनी जान

वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि दो तेंदुए एक ऊंचे पेड़ की डाल पर चढ़े हुए हैं। दोनों में जबरदस्त भिड़ंत हो रही है। कुछ देर बाद उनमे से एक तेंदुआ कमजोर पड़ता है। जब उसे महसूस होता है कि अब बचने का कोई दूसरा रास्ता नहीं है, तो वह पेड़ से कई मीटर की ऊंचाई से सीधे नीचे छलांग लगा देता है। जमीन पर गिरते ही वह बिना रुके तेजी से जंगल की ओर भाग निकलता है। जिसके बाद दूसरा तेंदुआ उसे खदेड़ने के लिए उसके पीछे भागता दिखता है। इस तरह उस तेंदुए ने अपनी जान तो बचा ली, लेकिन इलाके की इस लड़ाई में उसे पीछे हटना पड़ा।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

एक तेंदुए की गुमशुदगी के बाद जंगल में शुरू हुई खूनी टेरिटरी वॉर

इस वीडियो (Video) को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर @latestkruger नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसके कैप्शन में बताया गया है कि घटना दक्षिण अफ्रीका के मशहूर साबी सैंड्स (Sabi Sands) की है। बता दें कि दक्षिण अफ्रीका का साबी सैंड्स अपने तेंदुओं की घनी आबादी और वाइल्ड लाइफ ट्रैकिंग के लिए दुनिया भर में मशहूर है।

एक तेंदुए की गुमशुदगी के बाद मचा बवाल

आगे कैप्शन में लिखा है, यहां लंबे समय तक राज करने वाला मशहूर मोलवाती नर तेंदुआ (Molwati Male) अचानक गायब हो गया। उसके गायब होने के बाद जंगल में ताकत का संतुलन बदलने लगा और दूसरे तेंदुओं ने उसके इलाके पर कब्जा करने की कोशिश शुरू कर दी। इसी दौरान टॉर्टॉइज पैन नर तेंदुए (Tortoise Pan Male) ने इस मौके का फायदा उठाया और अपना इलाका बढ़ाने की कोशिश की लेकिन उसकी राह में एक युवा नर तेंदुआ आ गया, जिसे नॉटेन्स तेंदुआ (Nottens Leopard) माना जा रहा है। दोनों के बीच आमना-सामना होते ही मामला लड़ाई तक पहुंच गया। अनुभवी और ताकतवर टॉर्टॉइज़ पैन तेंदुए के सामने युवा तेंदुआ ज्यादा देर टिक नहीं पाया और अपनी जान बचाने के लिए उसने ऐसा फैसला लिया, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया।

तेंदुए इतनी ऊंचाई से गिरने पर भी कैसे बच जाते हैं?

इस वीडियो को देखकर लोग हैरान हैं कि इतनी ऊंचाई से गिरने के बाद भी तेंदुए को चोट क्यों नहीं लगी? दरअसल, तेंदुए (Leopards) शारीरिक रूप से इतने अद्भुत जीव हैं कि वे अक्सर 20 से 30 फीट (लगभग 2 से 3 मंजिला इमारत) की ऊंचाई से कूदने या गिरने के बाद भी बिना किसी गंभीर चोट के आसानी से उठकर भाग सकते हैं। इसके पीछे उनकी बॉडी का एक बेहतरीन नेचुरल मैकेनिज्म काम करता है। असल में तेंदुओं की कॉलरबोन (Collarbone) अन्य जानवरों की तरह हड्डियों से जुड़ी नहीं होती, बल्कि मांसपेशियों के सहारे 'फ्लोट' करती है। यह बनावट एक शॉक-एब्जॉर्बर की तरह काम करती है, जिससे 20-30 फीट की ऊंचाई से कूदने पर भी उनके शरीर को झटका नहीं लगता और वे सुरक्षित बच जाते हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादव author

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रें... और देखें

End of Article