बिजनेस

1 November Rules Change: LPG सिलेंडर, बैंकिंग, ITR और बुजुर्गों के पैसे से लेकर 1 नवंबर से क्या-क्या बदलेगा? 2-4 नहीं ये रही पूरी 6 बदलावों की लिस्ट

1 November Rules Change: नवंबर की शुरुआत के साथ ही कई बड़े बदलाव हो रहे हैं। पेंशनर्स को जीवन प्रमाण पत्र जमा करना होगा, टैक्स ऑडिट वालों के लिए ITR की नई तारीख है और LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा भी होगी।

Image

1 November Rules Change: LPG सिलेंडर, बैंकिंग, ITR और बुजुर्गों के पैसे से लेकर 1 नवंबर से क्या-क्या बदलेगा? ये रही पूरी लिस्ट

1 November Rules Change: नवंबर का महीना शुरू होने वाला है और इसके साथ ही पैसों से जुड़े कुछ जरूरी बदलाव भी सामने आएंगे। 1 नवंबर 2026 से पेंशन पाने वाले बुजुर्गों, कारोबारियों और बैंक ग्राहकों को कुछ अहम बातों का ध्यान रखना होगा। इन बदलावों का असर आपकी पेंशन, टैक्स से जुड़े काम और घर के बजट पर पड़ सकता है। आइए जानते हैं कि नवंबर की पहली तारीख से कौन-कौन से अपडेट महत्वपूर्ण हैं।

इन 6 चीजों से जेब पर पड़ेगा असर

पेंशनर्स को जमा करना होगा जीवन प्रमाण पत्र

सरकारी पेंशन पाने वाले लोगों को हर साल अपना जीवन प्रमाण पत्र यानी लाइफ सर्टिफिकेट जमा करना होता है। इससे यह पुष्टि होती है कि पेंशन पाने वाला व्यक्ति जीवित है और उसे आगे भी पेंशन मिलती रहे। 80 साल या उससे अधिक उम्र के बुजुर्गों के लिए यह प्रक्रिया 1 अक्टूबर से शुरू हो चुकी है। वहीं, 80 साल से कम उम्र के पेंशनर्स 1 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक अपना प्रमाण पत्र जमा कर सकते हैं। इसे बैंक जाकर या आधार की मदद से डिजिटल तरीके से भी जमा किया जा सकता है। समय पर प्रमाण पत्र नहीं देने पर पेंशन रुकने या भुगतान में देरी होने की आशंका रहती है।

टैक्स ऑडिट वालों के लिए ITR की नई डेडलाइन

इनकम टैक्स रिटर्न भरने वालों के लिए भी नवंबर में जरूरी तारीख है। वित्त वर्ष 2025-26 के लिए जिन कारोबारियों और पेशेवरों का टैक्स ऑडिट होना जरूरी है, उनके ITR भरने की अंतिम तारीख 31 अक्टूबर से बढ़ाकर 21 नवंबर 2026 कर दी गई है। यह राहत सभी टैक्सपेयर्स को नहीं मिली है। इसलिए वेतनभोगी कर्मचारी और दूसरे करदाता अपनी श्रेणी के अनुसार ITR की तारीख जरूर जांच लें।

LPG सिलेंडर की कीमतों में हो सकता है बदलाव

तेल कंपनियां हर महीने की पहली तारीख को LPG सिलेंडर की कीमतों की समीक्षा करती हैं। ऐसे में 1 नवंबर को घरेलू और कमर्शियल गैस सिलेंडर के नए रेट जारी हो सकते हैं। कीमतें बढ़ेंगी या घटेंगी, इसकी जानकारी आधिकारिक घोषणा के बाद ही मिलेगी। घरेलू सिलेंडर के दाम बढ़ने से रसोई का बजट प्रभावित हो सकता है, जबकि कमर्शियल सिलेंडर महंगा होने पर होटल और रेस्तरां का खर्च बढ़ सकता है।

बैंकिंग और FD से जुड़े अपडेट

बैंक ग्राहक फिक्स्ड डिपॉजिट यानी FD में निवेश करने से पहले ब्याज दरों की जानकारी जरूर लें। अलग-अलग बैंक अपनी जरूरत और बाजार की स्थिति के हिसाब से FD की दरें बदल सकते हैं। हालांकि, 1 नवंबर से सभी बैंकों की FD ब्याज दरों में बदलाव का कोई एक जैसा नियम नहीं है। इसलिए निवेश करने से पहले बैंक की वेबसाइट या शाखा से नई दरों और समय से पहले FD तोड़ने की शर्तों की जानकारी लें।

GST नियमों में भी बदलाव

1 नवंबर से कारोबारियों के लिए GST से जुड़े कुछ प्रावधानों में बदलाव लागू होने हैं। इनमें बिक्री के बाद दिए जाने वाले डिस्काउंट, क्रेडिट नोट और टैक्स रिफंड की प्रक्रिया शामिल है। इन बदलावों का फायदा कुछ पात्र कारोबारियों को मिल सकता है। खास तौर पर इनवर्टेड ड्यूटी स्ट्रक्चर वाले कारोबारियों के लिए प्रोविजनल रिफंड की प्रक्रिया आसान करने से जुड़े प्रावधान महत्वपूर्ण हैं।

मोबाइल पर कॉल करने वाले का नाम दिखेगा

1 नवंबर से 4G और 5G नेटवर्क पर CNAP सेवा लागू करने का निर्देश दिया गया है। अनजान नंबर से कॉल आने पर टेलीकॉम कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज नाम दिखाई दे सकता है। इससे अनजान कॉल पहचानने में मदद मिलेगी।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article