देश

Cyclone Arnab: चक्रवात 'अर्णब' अवदाब में बदला, बंगाल में झमाझम बारिश, शुक्रवार तक भारी वर्षा की चेतावनी

Cyclone Arnab Update: आईएमडी के अनुसार, जैसे-जैसे यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके और गहराने की संभावना है।

Image

चक्रवात 'अर्णब' अवदाब में बदला

Cyclone Arnab News: चक्रवाती तूफान 'अर्णब' के दक्षिण छत्तीसगढ़ और उससे सटे दक्षिण ओडिशा के ऊपर कमजोर होकर अवदाब में बदल जाने से बृहस्पतिवार को पश्चिम बंगाल के कई हिस्सों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने यह जानकारी दी।आईएमडी ने बताया कि अवदाब के बृहस्पतिवार रात तक कमजोर होकर सुस्पष्ट निम्नदाब क्षेत्र में बदलने की संभावना है, जिससे शुक्रवार को पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

विभाग ने यह भी बताया कि बृहस्पतिवार सुबह दक्षिण अंडमान सागर के ऊपर एक नया निम्न दबाव का क्षेत्र बना है।आईएमडी के अनुसार, जैसे-जैसे यह पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ेगा, दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर इसके और गहराने की संभावना है।

झारग्राम, बांकुरा और पुरुलिया जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान

मौसम विभाग ने चक्रवात 'अर्नब' के प्रभाव के कारण शुक्रवार तक दक्षिण बंगाल के दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मेदिनीपुर, झारग्राम, बांकुरा और पुरुलिया जिलों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है।आईएमडी ने कहा कि शनिवार सुबह तक दार्जिलिंग, कलिमपोंग, जलपाईगुड़ी और अलीपुरद्वार जैसे उप-हिमालयी जिलों में भारी बारिश होगी। उसने कहा शनिवार तक पूरे पश्चिम बंगाल में आंधी और गरज-चमक के साथ छींटे पड़ने की संभावना है।

मेदिनीपुर में 48 मिमी, दीघा में 46 मिमी, हल्दिया में 36 मिमी वर्षा

आईएमडी के आंकड़ों के अनुसार, बंगाल की खाड़ी के तट पर स्थित सागर द्वीप में बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे तक 24 घंटों के दौरान 81.8 मिलीमीटर बारिश हुई, जो इस अवधि में राज्य में सबसे अधिक है।उसने कहा कि राज्य में मेदिनीपुर में 48 मिमी, दीघा में 46 मिमी, हल्दिया में 36 मिमी और कांथी में 35 मिमी वर्षा हुई।विभाग के शाम के बुलेटिन के अनुसार, कोलकाता में बुधवार शाम साढ़े पांच बजे से बृहस्पतिवार शाम साढ़े पांच बजे के बीच 14.5 मिमी बारिश दर्ज की गई, जबकि बृहस्पतिवार सुबह साढ़े आठ बजे से शाम साढ़े पांच बजे के बीच 14.1 मिमी बारिश हुई।

कोलकाता में आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना

शहर में अधिकतम तापमान 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री कम था, जबकि न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.8 डिग्री अधिक था।बुलेटिन में कहा गया है कि अधिकतम और न्यूनतम सापेक्ष आर्द्रता का स्तर क्रमशः 98 प्रतिशत और 86 प्रतिशत दर्ज किया गया। चक्रवाती तूफान के कमजोर होने के बावजूद, अगले 24 घंटों के दौरान कोलकाता में आमतौर पर बादल छाए रहने की संभावना है, जिस दौरान अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 29 और 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।

Ravi Vaish
रवि वैश्यauthor

रवि वैश्य टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर कार्यरत एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें पत्रकारिता में 20 वर्षों का व्यापक अनुभव हासिल है। खबरों की बारीकियों को समझने और तेजी से प्रस्तुत करने में उनकी विशेष दक्षता है। टीवी पत्रकारिता में रिपोर्टिंग और डेस्क—दोनों क्षेत्रों में अनुभव होने के कारण वे समाचारों को बहुआयामी दृष्टिकोण से देखते हैं। देश–दुनिया की ताजातरीन अपडेट्स, ब्रेकिंग न्यूज, एक्सप्लेनर और विशेष स्टोरीज तैयार करने में वे सिद्धहस्त हैं। उनकी प्राथमिकता हमेशा यही रही है कि हर खबर तेज, सटीक और जानकारीपूर्ण रूप में पाठकों तक पहुंचे। रवि वैश्य अब तक 22,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं, जिनमें कई एक्सक्लूसिव रिपोर्ट्स, इंटरव्यू, ग्राउंड रिपोर्ट्स, विश्लेषण और एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article