Funny Food Combination: सोशल मीडिया पर आपने लोगों को अजब-गजब रेसिपी बनाते हुए देखा होगा। स्ट्रीट फूड फ्यूज़न की इस सीरीज में आज हम आपको कोलकाता के एक स्ट्रीट वेंडर की कला के बारे में बताएंगे जो सोशल मीडिया पर काफी वायरल हो रहा है। इस दुकानदार ने अपन कुकिंग को एकदम हैरान कर देने वाले लेवल पर पहुंचा दिया है। इस स्ट्रीट फूड विक्रेता को मॉन्स्टर एनर्जी ड्रिंक के साथ तले हुए अंडे बनाते हुए दिखाया गया है जिसे देखकर यूजर्स भी सवाल खड़े कर रहे हैं। इस वीडियो को बहुत जल्दी लाखों व्यूज और हजारों कमेंट्स मिल गए।
वायरल हो रहे इस वीडियो को जब आप देखेंगे तो पाएंगे कि, शख्स पहले गर्म पैन में अंडे फोड़ता है और फिर उसमें चमकीले हरे रंग का कैफीनयुक्त पेय डालकर उसे एक साथ मिला देता है। खाने के शौकीन लोगों ने वीडियो पर मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है। कई लोगों ने कमेंट सेक्शन में हैरानी, हास्य और वास्तविक चिंता भरे रिएक्शन दिए हैं। एक यूजर ने लिखा, 'स्वाद संयोजन की कल्पना करने की कोशिश करने से मुझे माइग्रेन हो गया।' दूसरे यूजर ने कहा कि, 'खांसी ने ही मेरे लिए सौदा पक्का कर दिया।' तीसरे एक यूजर ने कहा कि, 'आखिर इस कॉम्बिनेशन की क्या जरूरत पड़ गई थी ?'
गौरतलब है कि, हाल के वर्षों में भारतीय स्ट्रीट फूड निर्माता पारंपरिक व्यंजनों की सीमाओं को आगे बढ़ा रहे हैं। वायरल वीडियोज में आप दुकानदारों को मीठे को नमकीन के साथ मिलाते, तले हुए स्नैक्स के साथ फ़िज़ी ड्रिंक्स मिक्स करते और नाश्ते के मुख्य व्यंजनों के साथ एनर्जी ड्रिंक्स का मिश्रण करते देख सकते हैं। हालांकि, ऐसा नहीं है कि सारे प्रयोग व्यर्थ ही जाएं कुछ सफल भी होते हैं। बहरहाल, आलोचना के बावजूद-या शायद इसी वजह से-वीडियो ने इंटरनेट पर ध्यान आकर्षित किया है। मॉन्स्टर एनर्जी ने भी पोस्ट पर टिप्पणी की और लिखा, 'मेरा मतलब है.. क्यों नहीं?'
