Viral Video: आज के दौर में ऑनलाइन शॉपिंग (Online Shopping) करना बेहद आसान हो चुका है। फोन की स्क्रीन पर कुछ ही क्लिक में चीजें हमारे दरवाजे पर पहुंच जाती हैं और पसंद न आने पर आसानी से रिटर्न भी हो जाती है। लेकिन, क्या हमने कभी सोचा है कि इस 'सुविधा' के पीछे किन लोगों की मेहनत और जीवन की अनसुनी कहानियां छिपी होती हैं? कर्नाटक से सामने आया एक मामला हर किसी को सोचने पर मजबूर कर रहा है। जिसने भी यह नजारा देखा वो भावुक हो गया। आइए, जानते हैं क्या है पूरा मामला?
कर्नाटक की रहने वाली शीतल प्रसाद (@singingsheets) ने ऑनलाइन मंगवाई एक ज्वेलरी पसंद न आने पर उसे रिटर्न करने के लिए रिक्वेस्ट डाली। कुछ ही देर बाद एक डिलीवरी पिकअप एजेंट उनके घर के बाहर पार्सल कलेक्ट करने पहुंचा। यह प्रक्रिया रोजमर्रा की तरह बिल्कुल सामान्य थी, लेकिन अगले ही पल जो हुआ उसने शीतल के दिल को छू लिया। पिकअप एजेंट सड़क किनारे जमीन पर बैठकर रिटर्न की जा रही ज्वेलरी और पार्सल के डिब्बे को ध्यान से चेक करने लगा ताकि वेरिफिकेशन सही हो सके। शीतल ने दूर से इस पल को अपने कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया। इंस्टाग्राम पर वीडियो शेयर करते हुए शीतल ने लिखा- मैं इसे शब्दों में बयां नहीं कर सकती, लेकिन यह लम्हा मेरे साथ ठहर गया। शीतल ने आगे बताया कि वह उस डिलीवरी एजेंट की कहानी या उसके संघर्षों के बारे में कुछ नहीं जानती हैं। लेकिन, उस संक्षिप्त मुलाकात ने उन्हें यह याद दिलाया कि हर डिलीवरी, पिकअप और ऑर्डर के पीछे एक ऐसा इंसान होता है जो अपनी जिंदगी की तमाम जिम्मेदारियों और अनकहे संघर्षों को लेकर सड़कों पर दौड़ रहा होता है। देखें वीडियो...
इमोशनल करने वाला नजारा
इस वीडियो और कहानी ने एक पल के लिए आपको भी जरूर भावुक कर दिया होगा। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और यूजर्स इस पर लगातार कमेंट भी कर रहे हैं। एक यूजर ने लिखा कि मुझे उन लोगों से सख्त नफरत है जो छोटी-छोटी बातों पर इन डिलीवरी एजेंट्स पर चिल्लाते हैं। ये हमारे पास वो चीजें लाते हैं जो हम खुद जाकर नहीं ला पाते। इनके प्रति दयालु और विनम्र बनना बहुत आसान है। वहीं, एक अन्य यूजर ने लिखा कि मैं हमेशा डिलीवरी राइडर्स को 5-स्टार रेटिंग देता हूं। वे अपनी ईमानदारी से मेहनत कर रहे हैं। तो इस वीडियो पर आपकी क्या राय है जरूर बताएं।
