IND vs NZ 1st T20I Match Timing Today 22 October 2026: भारतीय टी20 टीम के लिए पिछले कुछ महीने काफी व्यस्त रहे हैं। पहले जापान में एशियन गेम्स में गोल्ड मेडल, फिर भारत लौटते ही वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज और उसके तुरंत बाद न्यूजीलैंड की उड़ान, जहां श्रेयस अय्यर (Shreyas Iyer) की अगुवाई वाली भारतीय टी20 टीम को मेजबान न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के खिलाफ आज से शुरू हो रही 5 मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज खेलनी है। टीम इंडिया के खिलाड़ी जाहिर तौर पर थके होंगे क्योंकि अभ्यास मैच खेलने का समय भी नहीं मिला और न्यूजीलैंड के हालातों में खुद को ढालने के लिए भी सिर्फ एक दिन मिला। जबकि दूसरी तरफ मिचेल सैंटनर (Mitchell Santner) की कप्तानी में जब आज न्यूजीलैंड की टी20 टीम सीरीज का पहला मैच खेलने उतरेगी तो वो पूरी तरह से तरोताजा और अपने हालातों के कारण बढ़े हुए मनोबल के साथ मैदान पर होगी।
भारत-न्यूजीलैंड के टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आंकड़ेः भारतीय क्रिकेट टीम और न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम के बीच अब तक टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट इतिहास में 31 मुकाबले हुए हैं। इसमें भारत का पलड़ा भारी रहा है। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड को 19 टी20 मैचों में शिकस्त दी है। जबकि, न्यूजीलैंड की टीम भारत को सिर्फ 11 बार हरा सकी है। वहीं, एक मैच टाई भी रह चुका है। आज से शुरू हो रही सीरीज न्यूजीलैंड की जमीन पर होने जा रही है, ऐसे में न्यूजीलैंड में इन दोनों टीमों के मैचों के आंकड़े भी जान लेते हैं। भारत और न्यूजीलैंड के बीच न्यूजीलैंड की जमीन पर अब तक 12 टी20 मैच हुए हैं। यहां दिलचस्प पहलू ये है कि मेहमान होने के बावजूद भारत ने ज्यादा मैच जीते हैं। भारत ने न्यूजीलैंड को उसी की धरती पर 7 टी20 मैचों में मात दी है। जबकि मेजबान न्यूजीलैंड ने सिर्फ 4 मैच जीते हैं। इन दोनों टीमों के बीच जो एक मैच टाई हुआ था, वो भी न्यूजीलैंड में ही 2022 में खेला गया था।
न्यूजीलैंड और भारत के बीच पहला टी20 मैच भारतीय समय के मुताबिक कितने बजे और कहां खेला जाएगा? (When And Where IND vs NZ 1st T20 Match Will Be Played)
| मैच | कहां होगा मुकाबला | मैच का समय |
| भारत-न्यूजीलैंड पहला टी20 मैच | क्राइस्टचर्च (हेगली ओवल मैदान) | भारतीय समय के मुताबिक दोपहर 12:30 बजे |
भारत-न्यूजीलैंड पहले टी20 मैच में किन भारतीय खिलाड़ियों पर रहेंगी नजरें (Indian Players to watch out for In IND vs NZ 1st T20I)
आज होने वाले भारत-न्यूजीलैंड पहले टी20 मैच में भारत के जिन खिलाड़ियों पर फैंस की निगाहें टिकी होंगी, उनमें सबसे ऊपर नाम आता है ओपनर अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) और 4 साल बाद टीम इंडिया में वापसी करने वाले तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार (Bhuvneshwar Kumar), इनके अलावा कप्तान श्रेयस अय्यर, शिवम दुबे (Shivam Dube) और तेज गेंदबाज प्रिंस यादव (Prince Yadav) और मयंक यादव (Mayank Yadav) पर वहां की तेज पिचों को देखते हुए काफी उम्मीदें रहेंगी। वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Suryavanshi) को प्लेइंग-11 में मौका मिलना अभी मुश्किल है क्योंकि कप्तान अय्यर न्यूजीलैंड पहुंचकर ये साफ कर चुके हैं कि संजू सैमसन (Sanju Samson) को प्राथमिकता दी जाएगी।
न्यूजीलैंड और भारत की टी20 टीमें (New Zealand And India Full T20 Squads)
न्यूजीलैंड टीमः मिचेल सेंटनर (कप्तान), फिन एलन, माइकल ब्रेसवेल, मैट हेनरी, बेवोन जैकब्स, काइल जैमीसन, एडम मिल्ने, डेरिल मिचेल, ग्लेन फिलिप्स, टिम सीफर्ट, नाथन स्मिथ, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, ब्लेयर टिकनर और जोश क्लार्कसन।
टीम इंडियाः श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप-कप्तान), अक्षर पटेल, शिवम दुबे, नीतीश कुमार रेड्डी, नमन धीर, भुवनेश्वर कुमार, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रिंस यादव, मयंक यादव और अर्शदीप सिंह।
आज कैसा होगा क्राइस्टचर्च का मौसम? (Christchurch Weather Today)
न्यूजीलैंड और मेहमान टीम इंडिया के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच क्राइस्टचर्च में खेला जाना है। वहां के मौसम की बात करें, तो आज धूप रहेगी और आंशिक रूप में बादल भी छाए रहेंगे। बारिश की संभावना का अनुमान फिलहाल सिर्फ 10 प्रतिशत है। जबकि, उमस काफी होने वाली है। क्राइस्टचर्च में मौसम ठंडा रहेगा। आज अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेंटीग्रेड रहेगा, जबकि न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेंटीग्रेड तक गिरने का अनुमान है।
