Video: गुजरात की सांस्कृतिक और सामाजिक चेतना का एक अद्भुत दृश्य अहमदाबाद के GMDC ग्राउंड में देखने को मिला। 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत आयोजित 'मानव आकृति (रंगोली)' (Human Rangoli) कार्यक्रम में हजारों विद्यार्थियों ने अपनी एकजुटता और कलात्मकता से एक नया इतिहास रच दिया है। इस विशाल आयोजन को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त 'एशिया बुक ऑफ रिकॉर्ड्स' ने 'Largest Human Formation Depicting a Contemporary Mandala Art' के रूप में दर्ज किया है।
पीएम मोदी के 25 वर्षों के सुशासन का उत्सव
यह ऐतिहासिक कार्यक्रम अहमदाबाद म्युनिसिपल कॉर्पोरेशन और नगर प्राथमिक शिक्षण समिति द्वारा संयुक्त रूप से आयोजित किया गया था। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा, सुशासन और राष्ट्र-समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में 'सेवा संकल्प अभियान' के तहत किया गया, जिसका मुख्य संदेश था-'सेवा के रंग, राष्ट्र के संग'। 6,424 बच्चों की अद्भुत कलाकृति कार्यक्रम में अहमदाबाद की विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के लगभग 6,424 विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। विद्यार्थियों को नारंगी , पीला , लाल , बैंगनी , हरा , नीला और सफेद इन सात रंगों के समूहों में बांटा गया था। 'सप्तधारा' थीम पर आधारित इस समकालीन मंडला आर्ट की रचना के ठीक केंद्र में रंग-बिरंगी ज्यामितीय आकृतियों के साथ बड़े अक्षरों में 'BHARAT' शब्द को उकेरा गया था। गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने स्वयं कार्यक्रम में शिरकत की और विद्यार्थियों के साथ मानव रंगोली का निरीक्षण किया। उन्होंने बच्चों के अनुशासन, रचनात्मकता और सामूहिक भागीदारी की जमकर सराहना की तथा रिकॉर्ड में शामिल प्रतिनिधियों व विद्यार्थियों को अपने हाथों से प्रमाणपत्र प्रदान किए। इस दौरान मां अंबा के गरबे के साथ पूरा माहौल भक्तिमय और देशभक्ति के रंगों से सराबोर हो गया। देखें वीडियो...
सामाजिक और पर्यावरणीय जागरूकता का संदेश
केवल वर्ल्ड रिकॉर्ड ही नहीं, बल्कि इस मंच के जरिए सामाजिक जागरूकता का भी संदेश दिया गया। स्कूल और कॉलेज के विद्यार्थियों ने स्टॉर्म वॉटर लाइन, सीवरेज सिस्टम और स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी रचनात्मक रंगोलियां बनाईं। इसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ शहर का संकल्प दोहराया गया। इस भव्य उपलब्धि के साक्षी बनने के लिए शहरी विकास राज्य मंत्री दर्शनाबेन वाघेला, मेयर हितेश बारोट, सांसद दिनेश मकवाणा व हसमुख पटेल, म्युनिसिपल कमिश्नर बंछानिधि पाणि समेत कई विधायक, कुलपति और प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
