प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार, 21 नवंबर को बिहार के वैशाली दौरे के दौरान गंगा नदी पर बने छह लेन के 'नीतीश सेतु' का उद्घाटन किया। कच्ची दरगाह और बिदुपुर को जोड़ने वाली इस महत्वपूर्ण परियोजना से उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच आवागमन आसान होने की उम्मीद है।
पटना एयरपोर्ट पर पीएम मोदी से मिले नीतीश कुमार। PM Modi X handle
प्रधानमंत्री मोदी जब पटना पहुंचे तो बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एयरपोर्ट पर उनका स्वागत किया। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर नीतीश कुमार से मुलाकात पर खुशी जताई। पीएम मोदी ने एक्स हैंडल पर तस्वीरें शेयर करते हुए कैप्शन लिखा," पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार जी से मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई।" गौरतलब है कि उद्घाटन के बाद उन्होंने गमछा लहराकर कार्यक्रम में मौजूद लोगों का अभिवादन भी किया।
उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच कनेक्टिविटी होगी बेहतर
कच्ची दरगाह-बिदुपुर के बीच बना छह लेन का यह पुल बिहार की प्रमुख बुनियादी ढांचा परियोजनाओं में शामिल है। इसके शुरू होने से पटना और उत्तर बिहार के बीच सड़क संपर्क मजबूत होगा। साथ ही, महात्मा गांधी सेतु और जेपी सेतु पर यातायात का दबाव कम करने में भी मदद मिलने की उम्मीद है।
करीब 19.7 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में 9.7 किलोमीटर का मुख्य पुल और 10 किलोमीटर की एप्रोच रोड शामिल है। इससे खासतौर पर राघोपुर दियारा के लोगों को पटना पहुंचने और स्वास्थ्य व शिक्षा जैसी जरूरी सुविधाओं तक पहुंचने में आसानी होगी।
14,450 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का शिलान्यास
बिहार दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी करीब 14,450 करोड़ रुपये की नई विकास परियोजनाओं की आधारशिला भी रखेंगे। इनमें सड़क, बिजली, शहरी सुविधाओं, जलापूर्ति और शिक्षा से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं।
प्रमुख परियोजनाओं में NH-139W के साहेबगंज-अरेराज-बेतिया खंड का 3,800 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से फोर-लेन निर्माण शामिल है। इसके अलावा, पीरपैंती सुपर थर्मल पावर प्रोजेक्ट के लिए बिजली निकासी प्रणाली का भी शिलान्यास किया जाएगा। इस परियोजना पर करीब 3,350 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।
100 ई-बसों को दिखाई जाएगी हरी झंडी
प्रधानमंत्री बिहार में सार्वजनिक परिवहन को बेहतर बनाने के लिए 100 पीएम-ई-बसों को हरी झंडी दिखाएंगे। इसके अलावा, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बने घरों में 26,900 से अधिक लाभार्थी परिवारों का गृह प्रवेश कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
