सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अगर आप एक्टिव हैं, तो यह मुमकिन नहीं कि आपने रवि किशन के मीम्स न देखे हों। डांस हो, सिंगिंग हो या फिर फिलॉसफी, रवि किशन का हर अंदाज Gen Z को पसंद आता है। उनके डायलॉग्स और उनका खास अंदाज युवाओं की जुबान पर रहते हैं। इसी बीच गोरखपुर के सांसद और अभिनेता रवि किशन ने एक बार फिर अपना अलग अंदाज दिखाया है।
दरअसल, गोरखपुर में एक जनसभा के दौरान रवि किशन का अलग ही अंदाज देखने को मिला। छात्रों के बीच पहुंचकर उन्होंने अपने खास अंदाज में पूछा- 'How are you, Gen Z?' रवि किशन का यह अंदाज छात्रों को खूब पसंद आया और देखते ही देखते यह पल कैमरों में कैद हो गया।
उन्होंने आगे कहा, "हाउ आर यू, जेन जी? वॉव! मैं चाहता हूं कि आप दोनों हाथ उठाकर कहें- ऊं नमः पार्वती पतये, हर हर महादेव। यह क्या शानदार लम्हा है! अविश्वसनीय। मैं चाहता हूं कि यहां मौजूद मेरे भारत के युवा सीएम योगी आदित्यनाथ के लिए तालियां बजाएं।"
डांस स्टेप से जीत लिया युवाओं का दिल
वहीं, 50 हजार टैबलेट वितरण कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने उनसे उनके फेमस डांस स्टेप की फरमाइश कर दी। इसके बाद रवि किशन ने भी अपने चिर-परिचित अंदाज में डांस स्टेप करके युवाओं का दिल जीत लिया। इस दौरान केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान भी मौजूद रहे। रवि किशन को डांस करता देख वहां मौजूद छात्र-छात्राओं ने तालियां बजाकर और जोरदार शोर मचाकर उनका उत्साह बढ़ाया।
