Gorakhpur PDA Rath Yatra: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। सभी राजनीतिक दल पूरी तरह से चुनावी मोड में आ चुके हैं। इसी कड़ी में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव मंगलवार बुधवार को सीधे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र यानी गढ़ गोरखपुर में 'PDA रथ' लेकर उतरेंगे। इस यात्रा को पूर्वांचल में सपा की राजनीतिक गतिविधियों को गति देने की कवायद के तौर पर देखा जा रहा है।
अमौसी एयरपोर्ट से गोरखपुर के लिए होंगे रवाना
अखिलेश यादव बुधवार को गोरखपुर एयरपोर्ट से PDA रथ के जरिए चौरी-चौरा क्षेत्र के ग्राम देवकही तक जाएंगे। निर्धारित कार्यक्रम के मुताबिक, अखिलेश 18 नवंबर को सुबह 11 बजे लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट से निजी विमान से गोरखपुर के लिए रवाना होंगे। सुबह 11:45 बजे उनके गोरखपुर एयरपोर्ट पहुंचने का कार्यक्रम है। यहां से दोपहर 12 बजे वह सपा के PDA रथ में सवार होकर देवकही गांव के लिए निकलेंगे।
दोपहर करीब 2 बजे देवकही पहुंचने के बाद अखिलेश यादव महान क्रांतिकारी अमर शहीद बाबू बंधू सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगे। साथ ही वह स्वर्गीय विनय कुमार सिंह (बिन्नू) को श्रद्धांजलि भी देंगे। दोपहर 3:30 बजे वह कार से गोरखपुर एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और शाम 4 बजे लखनऊ वापसी करेंगे।
2027 चुनाव से पहले PDA के जरिए सियासी संदेश
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गृह क्षेत्र गोरखपुर में अखिलेश यादव की PDA रथ यात्रा को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है। पार्टी इस आयोजन के जरिए पूर्वांचल में अपनी सक्रियता बढ़ाने और आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक संदेश देने की तैयारी में है।
इससे पहले 2022 के विधानसभा चुनाव से पहले भी अखिलेश यादव ने गोरखपुर में रथ यात्रा निकाली थी। हाल के महीनों में उन्होंने 24 सितंबर को कांग्रेस के गढ़ रायबरेली के बछरावां में PDA रथ निकाला था। वहीं, 20 अक्टूबर को लखनऊ स्थित सपा मुख्यालय से भी PDA प्रचार रथ रवाना किए गए थे अब सीएम योगी के गढ़ में इस यात्रा के जरिए पार्टी दलित, पिछड़ों और अल्पसंख्यकों (PDA) के मुद्दे को धार देने जा रही है, जिससे राज्य का सियासी पारा एक बार फिर चढ़ गया है।
