शहर

जेल में लॉरेंस बिश्नोई से मिलने कौन-कौन आता है? दिल्ली पुलिस ने मांगी मुलाकातियों की लिस्ट

दिल्ली पुलिस ने साबरमती जेल प्रशासन से गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई से मिलने आने वाले लोगों की लिस्ट मांगी है। पुलिस मुलाकातियों का बैकग्राउंड जांचकर पता लगाना चाहती है कि जेल में रहते हुए लॉरेंस गैंग कैसे चला रहा है।

Image

लॉरेंस बिश्नोई (File Photo)

Photo : PTI

दिल्ली पुलिस ने जेल में बंद गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नेटवर्क और उसकी गतिविधियों को लेकर जांच तेज कर दी है। पुलिस ने गुजरात की साबरमती जेल प्रशासन से उन लोगों की सूची मांगी है, जो लॉरेंस से मिलने आते हैं या उससे मुलाकात कर चुके हैं। पुलिस इन मुलाकातियों की पहचान और उनका बैकग्राउंड खंगालना चाहती है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर जेल में बंद रहने के बावजूद लॉरेंस अपने गैंग का नेटवर्क किस तरह संचालित कर रहा है।

फिरौती के मामले के बाद सक्रिय हुई पुलिस

हाल ही में दिल्ली के निहाल विहार इलाके में एक प्राइवेट अस्पताल के मालिक से 20 करोड़ रुपये की भारी-भरकम फिरौती मांगने का मामला सामने आया था। फिरौती मांगने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस गैंग से जुड़ा बताया था। इसके अलावा, बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना में भी लॉरेंस गैंग का नाम सामने आया था। सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, कई अन्य बॉलीवुड सितारे भी इस गैंग के निशाने पर थे, जिसके बाद कई कलाकारों की सुरक्षा बढ़ाई गई थी। इन सनसनीखेज वारदातों के सामने आने के बाद से दिल्ली पुलिस पूरी तरह सक्रिय हो गई है।

मुलाकातियों के बैकग्राउंड की होगी गहन जांच

पुलिस उन तमाम लोगों के पिछले रिकॉर्ड और बैकग्राउंड को खंगालना चाहती है जो उससे मिलने आते हैं। जांच का मुख्य उद्देश्य यह साफ करना है कि क्या जेल से मिलने वाले लोग ही उसके संदेश और निर्देश बाहर गुर्गों तक पहुंचा रहे हैं, या फिर कोई अन्य अपराधी गिरोह लॉरेंस के नाम का इस्तेमाल कर रहा है।

कस्टडी पर गृह मंत्रालय के निर्देश

गौरतलब है कि लॉरेंस बिश्नोई लंबे समय से गुजरात की साबरमती जेल में बंद है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के सख्त आदेशों के मुताबिक, फिलहाल देश की किसी भी अन्य राज्य की पुलिस सीधे तौर पर उसकी कस्टडी नहीं ले सकती है। यही वजह है कि पूछताछ या कानूनी औपचारिकताओं के लिए पुलिस टीमों को खुद साबरमती जेल जाना पड़ता है।

Pooja Kumari
पूजा कुमारीauthor

पूजा टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी डेस्क पर कार्यरत हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा कर चुकी पूजा को टीवी मीडिया में भी काम करने का अनुभव है। शहरी मुद्दों की गहरी समझ के कारण पूजा लोकल न्यूज, मेट्रो व रेल अपडेट्स, रोड और इंफ्रास्ट्रक्चर, लोकल डेवलपमेंट, मौसम, क्राइम, स्थानीय राजनीति और सामाजिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। शहरों की नब्ज पहचानने और स्थानीय संवेदनशीलताओं को खबरों में प्रभावी ढंग से पिरोने की क्षमता उनकी राइटिंग स्किल को विशेष बनाती है। पूजा अब तक 3,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट्स लिख चुकी हैं, जिनमें कई महत्वपूर्ण लोकल अपडेट्स, विश्लेषणात्मक स्टोरीज और रिपोर्ताज शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article