बिजनेस

PPF में हर साल ₹1.5 लाख जमा करने पर 5 साल बाद कितना मिलेगा लोन? समझें पूरा गणित

PPF की एक और खास सुविधा है, जिसके बारे में बहुत कम लोग जानते हैं। जरूरत पड़ने पर आप अपने PPF खाते में जमा रकम के आधार पर लोन भी ले सकते हैं।

Image

पीपीएफ

देशभर के छोटे निवेशकों के बीच पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) एक पॉपुलर निवेश स्कीम है। इस स्कीम में निवेश पर कई तरह के फायदे मिलते हैं। सरकारी गारंटी और फिक्स रिटर्न के साथ निवेशकों को टैक्स छूट का फायदा मिलता है। साथ ही निवेश की राशि पर बहुत ही कम ब्याज पर लोन लेने की सुविधा मिलती है। आइए जानत हैं कि अगर आप हर साल 1.5 लाख रुपये पीपीएफ में निवेश करते हैं तो 5 साल बाद कितना लोन ले सकते हैं। लोन लेने की शर्त क्या है और कितना ब्याज चुकान होगा।

PPF पर लोन लेने के क्या हैं नियम?

PPF खाते में निवेश करने वाला हर व्यक्ति किसी भी समय लोन नहीं ले सकता। इस सुविधा के लिए कुछ शर्तें निर्धारित हैं।

- तीसरे से छठे वित्त वर्ष तक सुविधा: PPF खाते के तीसरे वित्त वर्ष से लेकर छठे वित्त वर्ष तक ही लोन लिया जा सकता है।

- लोन की सीमा: खाते में निर्धारित अवधि के अंत में मौजूद बैलेंस का अधिकतम 25 फीसदी लोन के रूप में मिल सकता है।

- एक वित्त वर्ष में एक लोन: खाताधारक एक वित्त वर्ष में केवल एक बार लोन के लिए आवेदन कर सकता है।

- पुराना लोन चुकाना जरूरी: पहले से लिया गया लोन और उस पर देय ब्याज पूरी तरह चुकाए बिना दूसरा लोन नहीं मिल सकता।

- 36 महीने में भुगतान: लोन का मूलधन निर्धारित 36 महीने की अवधि में चुकाना होता है।

पांच साल बाद कितना मिलेगा लोन?

मान लीजिए कोई व्यक्ति वित्त वर्ष 2021-22 से हर साल PPF खाते में 1.50 लाख रुपये जमा करता है और प्रत्येक वित्त वर्ष की शुरुआत में यानी 5 अप्रैल तक निवेश कर देता है। 7.1 फीसदी सालाना ब्याज दर के हिसाब से पहले साल उसे 10,650 रुपये ब्याज मिलेगा और साल के अंत में बैलेंस 1,60,650 रुपये हो जाएगा। दूसरे साल 22,056 रुपये ब्याज जुड़ने के बाद कुल बैलेंस 3,32,706 रुपये होगा। इसी तरह तीसरे साल के अंत में खाते में 5,16,978 रुपये और चौथे साल यानी 2024-25 के अंत तक करीब 7,14,333 रुपये जमा हो जाएंगे। पांचवें साल 2025-26 में 1.50 लाख रुपये के नए निवेश और करीब 61,367 रुपये के ब्याज के साथ खाते का कुल बैलेंस बढ़कर लगभग 9,25,700 रुपये हो जाएगा।

इस तरह पांच साल में खाताधारक कुल 7.50 लाख रुपये जमा करेगा और मार्च 2026 के अंत तक उसके खाते में करीब 9.26 लाख रुपये होंगे।

PPF के नियमों के मुताबिक, छठे वित्त वर्ष में लोन लेने पर दूसरे साल पहले यानी चौथे वित्त वर्ष के आखिर में मौजूद बैलेंस का अधिकतम 25 फीसदी मिल सकता है। इसका मतलब है कि पांच साल में 7.50 लाख रुपये जमा करने और करीब 9.26 लाख रुपये का बैलेंस होने के बावजूद खाताधारक को छठे वित्त वर्ष में अधिकतम करीब 1.79 लाख रुपये का ही लोन मिलेगा।

PPF लोन पर कितना देना होगा ब्याज?

PPF लोन की सबसे बड़ी खासियत इसकी कम ब्याज दर है। अगर खाताधारक लोन का मूलधन 36 महीने के भीतर चुका देता है, तो उसे सालाना 1 फीसदी की दर से ब्याज देना होगा।

Alok Kumar
आलोक कुमार author

आलोक कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एसोसिएट एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। इलेक्ट्रॉनिक, डिजिटल और प्रिंट मीडिया में 17 वर्षों से अधिक का व्यापक अनुभव रखने वाले आलोक ने अपने पत्रकारिता करियर में कई प्रमुख कॉर्पोरेट इवेंट्स और चर्चित स्टोरीज कवर की हैं। वह बिजनेस, बैंकिंग, शेयर मार्केट और पर्सनल फाइनेंस पर गहरी समझ रखते हैं और जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और पाठक-केंद्रित तरीके से प्रस्तुत करने में माहिर हैं। अब तक आलोक ने लगभग 18,000 स्टोरीज लिखी हैं। उनकी लेखन शैली भरोसेमंद, विश्लेषणात्मक और व्यावहारिक जानकारी देने वाली होती है।

और पढ़ें
End of Article