देश

‘सोनिया गांधी कैसे बनीं मारुति की मालकिन, मैं लिखूंगा उन पर असली किताब’, निशिकांत दुबे का बड़ा बयान

Nishikant Dubey on Sonia Gandhi: निशिकांत दुबे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी किताब में सोनिया गांधी और मेनका गांधी के बीच विवाद की ‘असली वजहों’ का भी खुलासा किया जाएगा। भाजपा सांसद की टिप्पणियों पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

Image

निशिकांत दुबे का सोनिया गांधी पर बयान आया सामने (फोटो साभार- PTI)

Nishikant Dubey on Sonia Gandhi: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद निशिकांत दुबे ने शनिवार को कांग्रेस नेता सोनिया गांधी को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि वह सोनिया गांधी पर एक ‘असली किताब’ लिखेंगे। इस किताब में वह खुलासा करेंगे कि सोनिया गांधी मारुति की मालकिन कैसे बनीं और नेशनल हेराल्ड को कैसे खरीदा गया। दुबे के इस बयान के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। दुबे ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि उनकी किताब में सोनिया गांधी और मेनका गांधी के बीच विवाद की ‘असली वजहों’ का भी खुलासा किया जाएगा। भाजपा सांसद की टिप्पणियों पर कांग्रेस की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।

'मैं लिखूंगा सोनिया गांधी पर असली किताब'

दुबे ने ‘एक्स’ पर लिखा, “यह किसी को निशाना बनाने का प्रयास नहीं है, मैं सोनिया गांधी जी पर एक असली किताब लिखूंगा। सोनिया जी मारुति की मालिक कैसे बनीं? नेशनल हेराल्ड को कैसे खरीदा गया? 2004-14 के दौरान कैसे सोनिया जी प्रधानमंत्री से ऊपर थीं? मेनका गांधी जी और सोनिया गांधी जी के बीच लड़ाई की असली वजह क्या है?” भाजपा सांसद ने संकेत दिया कि उनकी किताब में इन सभी सवालों के जवाब होंगे। उन्होंने कहा कि किताब में बोफोर्स घोटाले के पीछे की ‘असली कहानी’ भी बताई जाएगी।

'क्या थी सीताराम केसरी जी की धोती की कहानी'

दुबे ने आगे कहा, “चीन ओलंपिक में प्रधानमंत्री के स्थान पर सोनिया जी परिवार सहित क्यों गईं? सीताराम केसरी जी की धोती की कहानी क्या है? प्रधानमंत्री नरसिम्हा राव जी और सोनिया गांधी जी के बीच लड़ाई क्यों हुई? 1999 में कांग्रेस के किस नेता ने उन्हें धोखा दिया? राहुल गांधी जी और प्रियंका गांधी जी में वे किसे राजनीतिक तौर पर पसंद करती हैं?” भाजपा नेता ने कहा, “इंतजार कीजिए और देखिए।” दुबे ने ‘एक्स’ पर एक अन्य पोस्ट में आरोप लगाया कि ‘विदेशी नागरिक’ होने के बावजूद सोनिया गांधी मारुति की प्रबंध निदेशक और 50 प्रतिशत हिस्सेदार थीं। भाजपा सांसद ने दावा किया, “21 नवंबर 1970 को संजय गांधी ने सोनिया गांधी की कंपनी मारुति टेक्निकल सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड के साथ एक समझौता किया था। सोनिया गांधी मारुति की असली मालिक थीं।”

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article