पूरे भारत में इस वक्त बारीश हो रही है। इस दौरान जगह-जगह से बिजली गिरने की कई घटनाएं भी सामने आ रही हैं। इसी बीच बिहार के एक जदयू नेता के घर पर भी बिजली गिरने की खबर सामने आई है। जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। मामला बिहार के गयाजी का है। जहां जदयू के स्थानीय नेता रंजीत कुमार पांडेय के घर पर बिजली गिरने की घटना हुई है। जिसका एक सहमा देने वाला वीडियो भी सामने आया है।
नेता जी के घर पर गिरी बिजली
वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि तीन बच्चे एक घर की छत पर दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि बच्चे वहां रील बनाने की तैयारी कर रहे थे। वे छत पर कुछ सामान इधर से उधर कर रहे थे। इसी दौरान अचानक आसमान से बिजली गिरी और तेज आवाज के साथ पूरा माहौल बदल गया। जानकारी के मुताबिक, छत पर मौजूद बच्चे नेता के बेटे और उनके साथी थे। तीनों बच्चे उस समय वीडियो बनाने की तैयारी कर ही रहे थे कि घर की छत पर बिजली गिरने की घटना हुई।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
छत पर मौजूद बच्चे बाल-बाल बचे
वायरल वीडियो (Viral Video) में आप देख सकते हैं कि बच्चे छत पर सामान्य तरीके से घूम रहे हैं। वे कुछ सामान को एक जगह से दूसरी जगह ले जाते हुए दिखाई देते हैं। तभी अचानक तेज आवाज सुनाई देती है। कुछ ही पल में छत के पास आकाशीय बिजली गिरती हुई नजर आती है। बिजली गिरते ही वहां आग जैसी चमक दिखाई देती है और बच्चे बुरी तरह सहम जाते हैं। अचानक हुई इस घटना के बाद बच्चे किसी तरह वहां से बचकर निकलते हैं। गनीमत रही कि बिजली गिरने के बावजूद तीनों बच्चे सुरक्षित बच गए। अगर बिजली सीधे बच्चों के आसपास गिरती, तो बड़ा हादसा हो सकता था। इस घटना का वीडियो सामने आने के बाद लोग भी हैरान हैं। कुछ ही सेकंड के अंतर ने बच्चों को बड़े खतरे से बचा लिया। वीडियो को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि बिजली गिरने की आवाज कितनी तेज थी और उस समय छत पर मौजूद बच्चों पर क्या बीती होगी।
आकाशीय बिजली से बचने के लिए जरूर माने यह सलाह
बारिश और खराब मौसम के दौरान आकाशीय बिजली बेहद खतरनाक हो सकती है। ऐसे मौसम में लोगों को खुले मैदान, छत, पेड़ या बिजली के खंभों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी जाती है। खासकर जब आसमान में तेज गरज और चमक हो, तब खुले स्थान पर खड़ा होना जोखिम भरा हो सकता है। यह घटना उन लोगों के लिए भी एक चेतावनी है जो खराब मौसम के दौरान छतों या खुले स्थानों पर वीडियो और रील बनाने के लिए पहुंचते हैं। सोशल मीडिया के लिए कुछ मिनट का वीडियो बनाना कभी-कभी जानलेवा जोखिम में बदल सकता है। फिलहाल, गयाजी का यह वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल है। वीडियो में बिजली गिरने का खौफनाक पल देखकर लोग बच्चों के सुरक्षित बचने को सबसे बड़ी राहत बता रहे हैं।
