मध्य प्रदेश के बीनागंज इलाके के पास एक तेल से भरे टैंकर के पलटने के बाद सड़क पर ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। टैंकर में पाम ऑयल भरा हुआ था। हादसे के बाद जब सड़क पर तेल फैलने लगा तो आसपास के लोग वहां पहुंच गए। देखते ही देखते कई लोग बाल्टी और दूसरे बर्तन लेकर तेल भरने लगे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
टैंकर पलटा तो बाल्टी लेकर पहुंची भीड़
बताया जा रहा है कि पाम ऑयल से भरा टैंकर बीनागंज इलाके के पास सड़क पर पलट गया। टैंकर के पलटते ही उसमें रखा तेल बाहर निकलने लगा और सड़क पर फैल गया। हादसे की खबर जब आसपास के लोगों तक पहुंची तो बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और वे तेल को अपने-अपने बर्तनों में भरकर ले जाने लगे। वायरल वीडियो (Viral Video) में आप देख सकते हैं कि सड़क पर लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। कई लोग अपने साथ बाल्टियां और दूसरे बर्तन लेकर पहुंचे हुए थे। जो सड़क पर फैले तेल को उनमें भरते हुए नजर आ रहे हैं। कुछ ही देर में मौके पर लोगों की भीड़ बढ़ती चली गई। हालांकि पुलिस मौके पर जुटी भीड़ को नियंत्रित करने में लगी हुई है।
Video ने उठाया लोगों की सोच पर सवाल
वायरल वीडियो (Viral Video) में लोगों को तेल भरने के लिए बाल्टियां लेकर पहुंचते देखकर सोशल मीडिया यूजर्स भी हैरान हैं। कुछ लोगों ने इसे मौके का फायदा उठाने की कोशिश बताया, जबकि कुछ ने लोगों की सोच पर सवाल उठाए। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है। वीडियो देखकर लोग अलग-अलग तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। कुछ लोग इसे देखकर हैरानी जता रहे हैं तो कुछ लोगों का कहना है कि हादसे के बाद सड़क पर इस तरह भीड़ जमा होना काफी खतरनाक हो सकता है। हालांकि, वीडियो में दिखाई दे रही भीड़ ने वास्तव में कितना तेल इकट्ठा किया और घटना के बाद प्रशासन ने क्या कार्रवाई की, इसकी पूरी जानकारी सामने आना बाकी है।
