Fake SIM Card Action: मप्र पुलिस की साइबर सेल ने बड़ी कामयाबी हासिल की है। 'ऑपरेशन फास्ट-2.0' के तहत देश में फर्जी सिम के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई की गई है। इस अभियान के तहत 100 आपराधिक मामले दर्ज किए गए, 156 आरोपितों की पहचान हुई और 80 आरोपितों को गिरफ्तार किया गया है। 504 संदिग्ध पीओएस पर कार्रवाई की गई है।
मध्य प्रदेश साइबर सेल का बड़ा एक्शन
भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) और दूरसंचार विभाग से मिले आंकड़ों तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) की शिकायतों के आधार पर इन इलाकों और फर्जी सिम नेटवर्क की पहचान की गई। इसी आधार पर 504 संदिग्ध पीओएस (सिम बिक्री केंद्र) संचालकों, एजेंटों और फर्जी सिम का इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई। जांच में सामने आया कि कुछ पीओएस संचालक और एजेंट फर्जी सिम जारी कर उन्हें थोक में अपराधियों तक पहुंचा रहे थे। इन सिमों का उपयोग डिजिटल अरेस्ट, लोन-एप धोखाधड़ी और अन्य आर्थिक ठगी में किया जा रहा था। अभियान में 1,437 फर्जी सिम चिह्नित की गई हैं, जिनसे जुड़े नंबरों के खिलाफ NCRP पोर्टल पर 1,907 शिकायतें दर्ज हैं।
ऐसे फंसाते थे ठग
आरोपी सिम पोर्ट करने, एक महीने मुफ्त इंटरनेट या मुफ्त उपहार का लालच देकर लोगों के पहचान पत्रों का गलत इस्तेमाल करते थे। कुछ मामलों में कर्ज स्वीकृत कराने का झांसा देकर दस्तावेज लिए गए और उनके नाम पर सिम जारी कराई गई। इन सिमों से सोशल मीडिया के माध्यम से फर्जी लिंक भेजे गए तथा फर्जी समूह व खाते बनाकर निवेश का लालच दिया गया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें- दिल्ली को अगले साल मिलेंगे दो नए हॉस्पिटल, दिसंबर में चालू होंगे 40 आयुष्मान आरोग्य मंदिर
साइबर सेल ने आम लोगों से की अपील
- किसी अनजान व्यक्ति को सिम, आधार कार्ड या पहचान पत्र न दें
- मोबाइल सिम पोर्ट, मुफ्त इंटरनेट या उपहार के लालच से सावधान रहें
- अपने नाम पर जारी मोबाइल नंबरों की जानकारी संचार साथी पोर्टल के टैफकॉप (tafcop.sancharsaathi.gov.in) पर जांचें और अनजान सिम मिलने पर तुरंत शिकायत करें
- साइबर ठगी की शिकायत हेल्पलाइन 1930 या cybercrime.gov.in पर दर्ज कराएं
पुलिस की कार्रवाई के दौरान 9 मास्टर सिम, 127 फर्जी सिम, 4 अंगूठे के निशान लेने वाली मशीनें, 31 मोबाइल-लैपटॉप और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए हैं। बाकी संदिग्धों की गिरफ्तारी, जब्ती और तलाशी की कार्रवाई जारी है।
