रिश्तों की खूबसूरती हमेशा खून के रिश्तों में ही नहीं होती। कई बार अनजान लोगों के बीच भी ऐसा अपनापन देखने को मिलता है, जो दिल को छू जाता है। सोशल मीडिया पर एक ऐसी ही घटना का वीडियो इन दिनों खूब वायरल हो रहा है। जिसे देख लोगों की आंखें नम हो जा रही हैं। वीडियो (Video) में देखा जा सकता है कि एक मानसिक रूप से परेशान व्यक्ति ने अपने हाथ पर राखी बंधवाने की इच्छा जताई लेकिन मानसिक रूप से परेशान इस व्यक्ति को देख सब उसके पास आने से डर रहे थे। तभी एक स्कूल की बच्ची ने हिम्मत दिखाई और उसके पास आकर उसके हाथ पर राखी बांध दी।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
मानसिक रूप से अस्थिर व्यक्ति को स्कूली छात्रा ने बांधी राखी
वायरल हो रहे इस वीडियो (Viral Video) को देख ऐसा लग रहा है जैसे वह व्यक्ति राखी के त्योहार पर अपनी बहन का इंतजार कर रहा हो और वह चाहता था कि कोई बहन उसके हाथ पर भी राखी बांध दे लेकिन उसकी ऐसी मानसिक स्थिति को देख किसी को उसके पास जाना सही नहीं लगा। वीडियो में आप देख सकते हैं कि वह व्यक्ति अपने एक हाथ में राखी लिए हुए है और अपना दूसरा हाथ रक्षा सूत्र बंधवाने के लिए बढ़ा रहा है। मगर उसे देखकर वहां मौजूद लोग डर गए और उससे दूर भागने लगे। एक स्कूल की बच्ची भी पहले तो उसे देखकर डर जाती है लेकिन बाद में वह हिम्मत करके उसके पास आती है और उसके हाथ में वह रक्षा सूत्र बांध देती है। जब लड़की उस मानसिक विक्षिप्त व्यक्ति को राखी बांध देती है तो वह शख्स उसके झुककर उसके पैरों को छूता है और अंत में उसे तोहफे के तौर पर अपने हाथ में ली हुई छड़ी को उसे थमा देता है। ताकि उसकी बहन इस डंडे से अपनी सुरक्षा कर सके। इस वीडियो को देख लोगों का दिल भर आया।
शख्स के लिए यादगार बन गया यह दिन
मानसिक रूप से अस्थिर उस शख्स को राखी बांधना भले ही उस बच्ची के लिए एक छोटा-सा काम था, लेकिन उस व्यक्ति के लिए यह पल बेहद खास बन गया। राखी बंधने के बाद उसके चेहरे पर जो खुशी दिख रही है, उसे देख यह जरूर कहा जा सकता है कि उस बहन ने उसके इस दिन को यादगार बना दिया। इस वायरल वीडियो को सोशल मीडिया (Social Media) के तमाम प्लेटफॉर्म्स पर धड़ल्ले से शेयर किया जा रहा है। हमने इस वीडियो (Video) को सोशल साइट एक्स पर पोस्ट @magadh_updates नामक अकाउंट से लिया है। जिसे अब तक हजारों लोगों ने देखा और लाइक किया है। इस वीडियो पर बड़ी संख्या में लोगों ने कमेंट भी किया है और अपनी प्रतिक्रिया दी है। जहां एक यूजर ने वीडियो पर कमेंट करते हुए लिखा, "सच्चे रिश्ते कभी-कभी बिना किसी पहचान और खून के रिश्ते के भी बन जाते हैं।" दूसरे ने लिखा, "इससे अच्छी राखी अब तक कभी नहीं देखी।" वहीं, कई अन्य लोगों ने उस स्कूली छात्रा के इस दरियादिली की खूब तारीफ की।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
