वायरल न्यूज़

FIFA World Cup 2026: फाइनल खत्म होते ही भिड़ गए स्पेन और अर्जेंटीना के खिलाड़ी, मैदान पर दिखा हाई-वोल्टेज ड्रामा

FIFA World Cup 2026 के फाइनल में स्पेन ने अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर खिताब जीता। मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ियों के बीच तीखी भिड़ंत हो गई, जिसका वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।

Image

फीफा फाइनल के बाद अर्जेंटीना और स्पेन के खिलाड़ियों की लड़ाई का वीडियो हुआ वायरल (Instagram/@warmup)

FIFA World Cup 2026 का फाइनल सिर्फ शानदार फुटबॉल के लिए ही नहीं, बल्कि मैच खत्म होने के बाद हुए विवाद के कारण भी चर्चा में आ गया। स्पेन ने अतिरिक्त समय (एक्स्ट्रा टाइम) में अर्जेंटीना को 1-0 से हराकर दूसरी बार विश्व कप का खिताब अपने नाम किया। लेकिन अंतिम सीटी बजने के बाद मैदान पर ऐसा माहौल बन गया, जिसने सभी का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

आखिरी सीटी के बाद हुआ हाई-वोल्टेज ड्रामा

इस घटना का वीडियो (Video) भी इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि अर्जेंटीना का एक प्लेयर पहले स्पेन के प्लेयर को धक्का मारता है फिर वह स्पेन का प्लेयर जमीन पर गिर पड़ता है। बीच बचाव करने आए स्पेन का सब्स्टीट्यूट प्लेयर जब इस मामले में दखलंदाजी करता है तो उस प्लेयर को भी अर्जेंटीना के प्लेयर्स धक्का देकर उस पर टूट पड़ते हैं। काफी बीच-बचाव के बाद जाकर यह मामला शांत हुआ। झगड़े का वीडियो सोशल मीडिया के तमाम प्लेटफॉर्म्स पर सर्कुलेट हो रहा है। हमने यह वीडियो इंस्टाग्राम पर पोस्ट @warmup नाम के अकाउंट से लिया है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

FIFA फाइनल के बाद खिलाड़ियों में भिड़ंत

मालूम हो कि फीफा का फाइनल मुकाबला अमेरिका के न्यू जर्सी में खेला गया। दोनों टीमों के बीच शुरुआत से ही कड़ी टक्कर देखने को मिली। मैच के दौरान कई बार खिलाड़ियों के बीच तीखी बहस भी हुई। अर्जेंटीना के खिलाड़ी एंजो फर्नांडीज को दूसरे पीले कार्ड के बाद रेड कार्ड दिखाया गया, जिसके चलते टीम को मैच के आखिर में 10 खिलाड़ियों के साथ खेलना पड़ा। स्पेन के लिए जीत का गोल एक्स्ट्रा टाइम के 106वें मिनट में फेरान टोरेस ने किया। निको विलियम्स के शानदार हेडर असिस्ट पर टोरेस ने गेंद को गोल में पहुंचाकर अपनी टीम को विश्व विजेता बना दिया। इसके बाद स्पेन के खिलाड़ी जश्न मनाने लगे, जबकि अर्जेंटीना के खिलाड़ी काफी निराश नजर आए।

मैदान पर मच गया बवाल

इसी दौरान माहौल अचानक गर्म हो गया। रिपोर्ट के मुताबिक, अर्जेंटीना के मिडफील्डर लिएंड्रो परेडेस और स्पेन के डिफेंडर एरिक गार्सिया के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते दोनों टीमों के खिलाड़ी, सब्स्टीट्यूट और कोचिंग स्टाफ भी मैदान पर आ गए। कुछ देर तक माहौल तनावपूर्ण बना रहा, लेकिन अधिकारियों और खिलाड़ियों ने मिलकर स्थिति को संभाल लिया। हालांकि, यह तनाव ज्यादा देर तक नहीं चला। कुछ समय बाद दोनों टीमों के कई खिलाड़ी एक-दूसरे से हाथ मिलाते और गले लगते दिखाई दिए। अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी को भी स्पेन के खिलाड़ियों ने सम्मान दिया। वहीं दोनों टीमों के मुख्य कोच ने भी मैदान पर एक-दूसरे को गले लगाकर गेम स्प्रिट का शानदार उदाहरण पेश किया।

FIFA फाइनल में गोल से ज्यादा चर्चा पोस्ट-मैच बवाल की

इस फाइनल में कई रिकॉर्ड भी बने। 39 साल के लियोनेल मेसी सबसे ज्यादा उम्र में FIFA वर्ल्ड कप फाइनल खेलने वाले आउटफील्ड खिलाड़ी बन गए। वहीं यह उनका तीसरा वर्ल्ड कप फाइनल था। दूसरी ओर स्पेन के युवा खिलाड़ी लामिन यामाल और पाउ कुबार्सी ने भी इतिहास रच दिया। यह फाइनल फुटबॉल प्रेमियों के लिए लंबे समय तक यादगार रहेगा। एक तरफ शानदार मुकाबला और ऐतिहासिक रिकॉर्ड देखने को मिले, तो दूसरी तरफ मैच खत्म होने के बाद खिलाड़ियों की भिड़ंत ने भी सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोरीं।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article