आजकल कई लोग नौकरी छोड़कर अपना खुद का बिजनेस शुरू करने का सपना देखते हैं। सोशल मीडिया पर भी अक्सर ऐसे लोगों की सफलता की कहानियां देखने को मिलती हैं लेकिन क्या बिजनेस करना हमेशा उतना आसान और फायदेमंद होता है, जितना सोशल मीडिया पर दिखता है? हाल में इसी से जुड़ा एक वीडियो इस वक्त सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। जिसमें देखा जा सकता है कि एक डोसा वाला कारोबार से जुड़े कुछ ऐसे सवालों का जवाब देता है, जिसे सुनकर लोगों के कान खड़े हो गए।
12-13 लाख का टर्नओवर, लेकिन जेब में सिर्फ 1 लाख
वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि ठाणे का एक डोसा रेस्टोरेंट के मालिक कंटेंट क्रिएटर उत्कर्ष वर्मा से बातचीत करते नजर आ रहा है। बातचीत के दौरान उन्होंने अपनी कमाई और खर्च का पूरा हिसाब बताया, जिसे सुनकर लोग हैरान रह गए। रेस्टोरेंट मालिक ने बताया कि जब उन्होंने अपना कारोबार शुरू किया था, तब ग्राहकों की अच्छी-खासी भीड़ रहती थी। उस समय उनकी दुकान का मासिक टर्नओवर करीब 12 से 13 लाख रुपये तक पहुंच गया था। लोगों को लगता था कि वह हर महीने लाखों रुपये का मुनाफा कमा रहे होंगे, लेकिन हकीकत कुछ और ही निकली।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
बड़ी कमाई पर भी मुनाफा कम
उन्होंने बताया कि बिजनेस में कमाई जितनी बड़ी दिखती है, उतने ही बड़े खर्च भी होते हैं। कर्मचारियों की सैलरी पर हर महीने करीब 1.5 लाख रुपये खर्च हो जाते हैं। इसके अलावा बिजली का बिल, कच्चा माल, किराया और दूसरे खर्च मिलाकर करीब 1.5 से 2 लाख रुपये और निकल जाते हैं। सभी खर्चों के बाद उनके पास करीब 1 लाख रुपये का मुनाफा बचता है। रेस्टोरेंट मालिक ने यह भी बताया कि गर्मियों में ग्राहकों की संख्या कम हो जाती है, जबकि सर्दियों में बिक्री फिर बढ़ जाती है। यानी बिजनेस में हर महीने एक जैसी कमाई नहीं होती।'छोटे कारोबारियों के नहीं मिलती उतनी इज्जत'
वीडियो (Video) में लिखा गया था कि "भारत में 80 हजार रुपये की नौकरी को लोग सम्मानजनक मानते हैं, लेकिन 12 लाख रुपये का टर्नओवर करने वाले छोटे कारोबारी को उतनी इज्जत नहीं मिलती।" इस बात पर सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग राय देखने को मिली। कुछ लोगों ने कहा कि 12 लाख रुपये की बिक्री पर सिर्फ 1 लाख रुपये का मुनाफा बहुत कम है। वहीं कई यूजर्स ने दुकानदार की तारीफ करते हुए कहा कि वह कई लोगों को रोजगार दे रहे हैं, जो अपने आप में बड़ी बात है।
रेस्टोरेंट मालिक ने युवाओं को दी खास सलाह
वीडियो के आखिर में रेस्टोरेंट मालिक ने युवाओं को एक खास सलाह भी दी। उन्होंने कहा कि अगर आप अपना सपना पूरा करना चाहते हैं, तो मेहनत करने से पीछे न हटें। बिजनेस में मुश्किलें जरूर आती हैं, लेकिन अगर हिम्मत न हारें तो सफलता जरूर मिल सकती है। यही वजह है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इस पर जमकर चर्चा कर रहे हैं।डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
