देश

तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर आएंगे साथ? रोहिणी आचार्या ने बताया BJP को हराने का फॉर्मूला

Bihar MLC Polls: बिहार विधान परिषद चुनाव 2026 के नतीजे सामने आ गए हैं। इस बार भाजपा ने दो सीटें और जदयू ने एक सीट जीती हैं, जबकि राजद के हिस्से में दो सीटें आई हैं।

Image

जन सुराज नेता प्रशांत किशोर और राजद नेता तेजस्वी यादव (फाइल फोटो)

Bihar MLC Polls: बिहार विधान परिषद चुनाव नतीजे के परिणाम सामने आने के बाद राजद सुप्रीमो और पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्या ने भाजपा को हराने का एक नया फॉर्मूला बताया है। जिसको लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई। उन्होंने कहा कि तेजस्वी यादव और प्रशांत किशोर अगर एक साथ आ जाएं तो भाजपा नीत एनडीए का सूपड़ा साफ हो जाएगा।

उन्होंने दावा किया अगर राजद और जन सुराज को मिले वोट को जोड़ दिया जाए तो भाजपा सभी 8 सीटों पर प्रथम चरण में ही हार जाएगी। रोहिणी आचार्या के इस नए फॉर्मूले ने राजनीतिक बहस छेड़ दी।

रोहिणी ने बताया NDA को हराना का फॉर्मूला

रोहिणी आचार्या ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ''बिहार में हुए MLC चुनावों ने बिहार में BJP/ NDA को हराने का फार्मूला दे दिया है। TJ + PK = BJP/ NDA ZERO । राजद और जन सुराज को मिले वोट को अगर जोड़ दिया जाए तो BJP/NDA सभी 8 सीटों पर प्रथम चरण में ही हार जाएगी। PS: आगे आगे देखिए होता है क्या!!''

उन्होंने एक अन्य पोस्ट में कहा, ''विपक्ष के बिखरने से हमेशा भाजपा को फायदा मिला है। अगर विपक्ष एकजुट होकर, सही रणनीति और मजबूत जनाधार के साथ चुनाव लड़े और वोटों का बिखराव रोके, तो भाजपा को हराना पूरी तरह संभव है, क्योंकि एकजुट विपक्ष के पास अधिक मजबूत सामाजिक और राजनीतिक समीकरण हैं।''

राजद ने दो सीटों पर किया कब्जा

बिहार विधान परिषद की आठों सीटों के नतीजे सामने आ गए हैं। इस बार राजग को तीन सीटें मिली हैं, जिनमें भाजपा ने दो और जदयू ने एक सीट पर जीत दर्ज की है, जबकि राजद ने खाते में दो सीटें आई हैं। वहीं, जन सुराज ने एमएलसी चुनाव में भी अपना खाता खोल लिया है और दो निर्दलीय उम्मीदवारों ने भी जीत दर्ज की है।

रोहिणी आचार्या के फॉर्मूले पर अगर गौर किया जाए तो राजद और जन सुराज ने मिलकर तीन सीटें अपने नाम की हैं और इतनी ही सीटें एनडीए को भी मिली हैं। हालांकि, इस चुनाव में सबसे ज्यादा फायदा राजद को ही हुआ है, क्योंकि इन आठों सीटों में राजद का एक भी एमएलसी नहीं था और अब राजद के पास दो एमएलसी हैं।

Anurag Gupta
अनुराग गुप्ताauthor

अनुराग गुप्ता टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और मीडिया में 9 वर्षों का अनुभव रखते हैं। जर्नलिज़्म में मास्टर्स डिग्री हासिल करने के बाद से ही वे न्यूजरूम के विभिन्न आयामों—कॉपी एडिटिंग, कंटेंट क्यूरेशन और रियल-टाइम न्यूज मॉनिटरिंग में दक्षता के साथ काम कर रहे हैं। राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय और ब्रेकिंग न्यूज पर उनकी मजबूत पकड़ है। अनुराग खबरों की बारीकियों को समझने, फैक्ट चेकिंग और स्टोरी के अहम पहलुओं को पाठकों तक सरल भाषा में पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 हजार से अधिक खबरें प्रकाशित की हैं, जिनमें ब्रेकिंग अपडेट्स, एनालिटिकल कंटेंट, स्पेशल स्टोरीज और न्यूज एक्सप्लेनर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article