देश

मनोज तिवारी की तैराकी पर आम आदमी पार्टी का पलटवार, सौरभ भारद्वाज बोले- 'कालिंदी कुंज घाट का पानी पीकर दिखाएं'

Saurabh Bharadwaj on Manoj Tiwari Yamuna Swim: सौरभ भारद्वाज ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि मनोज तिवारी वही कर रहे हैं जो बीजेपी सबसे अच्छे तरीके से कर सकती है- लोगों के साथ धोखाधड़ी।

Image

मनोज तिवारी और सौरभ भारद्वाज (फोटो साभार- PTI/BJP)

Saurabh Bharadwaj on Manoj Tiwari Yamuna Swim: छठ महापर्व से पहले दिल्ली में यमुना नदी को लेकर सियासत तेज हो गई है। बीजेपी सांसद मनोज तिवारी के यमुना में तैरकर नहाने वाले वीडियो के सामने आने के बाद आम आदमी पार्टी ने पलटवार किया है। AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने ट्वीट कर मनोज तिवारी को 'BJP का ठग' तक कह डाला। सौरभ भारद्वाज ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए अपने ट्वीट में लिखा, 'मनोज तिवारी वही कर रहे हैं जो बीजेपी सबसे अच्छे तरीके से कर सकती है- लोगों के साथ धोखाधड़ी।'

सौरभ भारद्वाज ने BJP पर साधा निशाना

सौरभ भारद्वाज ने लिखा, 'पल्ला से वजीराबाद तक यमुना का 26 किलोमीटर का हिस्सा हमेशा से ही साफ रहा है, जो बख्तावरपुर, बुराड़ी, जगतपुर और सोनिया विहार से होकर गुजरता है। यमुना सिग्नेचर ब्रिज पर तब प्रदूषित होती है जब नजफगढ़ ड्रेन उसमें मिलता है।' उन्होंने लिखा कि ये 862 MGD का नाला है जो दिल्ली में यमुना के प्रवेश के 26 किलोमीटर बाद पहली बार इसे प्रदूषित करता है। उन्होंने DPCC की रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि यह हिस्सा AAP सरकार के दौरान भी साफ था।

'कालिंदी कुंज घाट का पानी पीकर दिखाएं'

उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र के कहने पर हरियाणा सरकार ने पिछले साल की तरह इस साल भी छठ के आसपास हथिनीकुंड बैराज से यमुना में अतिरिक्त ताजा पानी छोड़ा है, जिससे प्रदूषक और डाइल्यूट हो गए हैं और बीजेपी सर्कस कर लोगों को बेवकूफ बना रही है। सौरभ भारद्वाज ने कहा कि ये वही बीजेपी फ्रॉड हैं जिन्होंने पिछले साल बिसलेरी के पानी से नकली यमुना बनाकर जनता के पैसे बर्बाद किए थे। जब पोल खुली तो पीएम को नकली यमुना में डुबकी लगाने का प्लान कैंसिल करना पड़ा था। उन्होंने सीधे चुनौती देते हुए कहा कि मैं मनोज तिवारी और जल मंत्री प्रवेश वर्मा को कालिंदी कुंज घाट पर पानी पीकर दिखाने की चुनौती देता हूं। पिछले साल भी वो इस चैलेंज से भाग गए थे, इस साल भी भाग जाएंगे। छठ की असली भावना जल संरक्षण है, रील बनाम रियलिटी के नाम पर ड्रामा नहीं।

मनोज तिवारी ने लगाई डुबकी

दरअसल, बीजेपी सांसद मनोज तिवारी का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह यमुना नदी में काफी देर तक तैर-तैर कर नहाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने छठ के गीत भी गाए और इसे रील बनाम रियलिटी टेस्ट बताया। बीजेपी के ऑफिशियल एक्स हैंडल से इस वीडियो को शेयर करते हुए दावा किया गया कि 27 साल में जो काम कांग्रेस और आम आदमी पार्टी नहीं कर पाई, वो काम दिल्ली की बीजेपी सरकार ने दो साल से भी कम समय में कर दिखाया है। दिल्ली में आधी से ज्यादा यमुना को साफ किया जा चुका है और बाकी हिस्सा भी जल्द साफ हो जाएगा। साथ ही अरविंद केजरीवाल को चैलेंज देते हुए पूछा गया कि आप कब डुबकी लगाने आ रहे हैं?

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article