वायरल न्यूज़

महीनों तक परिवार का हिस्सा बनी हिरणी, जब आया विदाई का समय तो पूरे गांव की आंखें हुई नम; देखें दिल छू लेने वाला Video

राजस्थान के जोधपुर-फलोदी जिले के इस्लामनगर गांव में मानवता और करुणा की एक अनोखी मिसाल देखने को मिली है। यहां एक परिवार ने घायल हिरणी की न सिर्फ जान बचाई बल्कि उसे अपने घर में परिवार के सदस्य की तरह रखकर उसकी देखभाल भी की। बाद में स्वस्थ होने पर उसे सम्मानपूर्वक उसके प्राकृतिक आवास में वापस छोड़ दिया गया।

Rajasthan Deer Viral Video: राजस्थान के जोधपुर-फलोदी जिले के इस्लामनगर गांव में इंसान और वन्यजीव के बीच संवेदना और करुणा का एक बेहद प्रेरणादायक उदाहरण सामने आया है। गांव के रहने वाले इलियास खान ने लगभग तीन महीने पहले एक घायल हिरणी को आवारा कुत्तों के हमले से बचाया था और उसे अपने घर ले आए थे। उस समय हिरणी काफी डरी हुई, कमजोर और असहाय अवस्था में थी।

घर के माहौल में ढली हिरणी

इलियास खान और उनके परिवार ने बिना किसी स्वार्थ के उसकी देखभाल शुरू की और उसे अपने परिवार के सदस्य की तरह अपनाया। धीरे-धीरे उस हिरणी ने भी घर के माहौल में खुद को ढाल लिया और परिवार के साथ घुल-मिल गई। वह घर के आंगन में खुले तौर पर खेलने लगी और बच्चों के साथ उसका खास लगाव भी बन गया। कुछ ही समय में वह पूरे परिवार की प्रिय बन गई।

हिरणी को सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ने की व्यवस्था

लगातार तीन महीनों तक प्यार, देखभाल और उचित पोषण मिलने के बाद हिरणी पूरी तरह स्वस्थ हो गई। जब परिवार को लगा कि अब वह प्राकृतिक वातावरण में वापस लौटने के लिए तैयार है, तो उन्होंने उसे उसके असली आवास यानी जंगल में छोड़ने का निर्णय लिया। इस फैसले में पूर्व पंचायत समिति सदस्य ओमदान चारण की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिन्होंने वन विभाग से संपर्क कर हिरणी को सुरक्षित तरीके से जंगल में छोड़ने की व्यवस्था करवाई।

बेहद भावुक था विदाई का पल

विदाई का यह पल बेहद भावुक था। परिवार की महिलाओं ने हिरणी को बेटी जैसा स्नेह दिया, उसके पैरों में मेहंदी लगाई और उसे भावुक माहौल में विदा किया। हिरणी को वन विभाग की टीम को सौंपते समय परिवार के कई सदस्य भावुक होकर रो पड़े और उनकी आंखें नम हो गईं। इस अवसर पर वन विभाग की टीम के साथ कैलाशदान चारण, बबलू चौधरी, रामचंद्र, हमले खान, हानू खान, नवाब खान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद रहे।

मानवीय और संवेदनशील पहल की सराहना

सभी ने इलियास खान और उनके परिवार की इस मानवीय और संवेदनशील पहल की सराहना की। ग्रामीणों का कहना था कि यह घटना जीव-जंतुओं के प्रति प्रेम, दया और मानवता का एक बेहतरीन उदाहरण है, जो समाज को प्रेरित करता है। यह अनोखी और भावुक घटना पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है और लोग इस परिवार की खूब प्रशंसा कर रहे हैं।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article