वायरल न्यूज़

लंबे डंडों पर खड़े होकर कैसे चल पाते हैं लोग? इस Video को देखने के बाद आप भी जान जाएंगे इसकी टेक्निक

लोग लंबे डंडों (स्टिल्ट्स) पर कैसे चलते हैं? जानिए इस अनोखी तकनीक के पीछे की वजह, इसकी ट्रेनिंग और वायरल वीडियो की पूरी कहानी।

Image

लंबे डंडों पर चलने की टेक्निक का वीडियो हुआ वायरल (X/@TheBestqueenx)

आपने कई बार फिल्मों या फिर सर्कस में यह जरूर देखा होगा कि लोग स्टंट दिखाने के लिए लंबे डंडों पर खड़े हो जाते हैं या फिर उन डंडों पर बड़े ही आराम से चलते दिखते हैं। कुछ ऐसे करतब आदिवासी क्षेत्र में रहने वाले लोग भी दिखाते नजर आ जाते हैं। ऐसे में आम लोगों के मन में हमेशा से एक ही सवाल रहता है, वह ये कि आखिर ये लोग इस तरह का स्टंट कैसे कर पा रहे हैं? कैसे ये लोग इन डंडों पर चल लेते हैं या फिर उस पर बड़े आराम से खड़े हो जाते हैं? कई लोगों को ऐसा लगता है कि इस तरह के स्टंट्स के लिए लोग सीढ़ी लगाकर इन डंडों पर चढ़ते हैं लेकिन यह सरासर गलत है। तो फिर आखिर इन डंडों पर कैसे खड़े होते हैं और कैसे इनके जरिए आराम से चला जाता है? उसकी बहुत ही सिंपल सी तकनीक है। जिसका एक वीडियो (Video) इन दिनों सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।

इस अनोखी तकनीक का वीडियो हुआ वायरल

वायरल वीडियो (Viral Video) में देखा जा सकता है कि कुछ आदिवासी जनजाति के लोग दो लंबे-लंबे डंडों को लेकर खड़े हैं। फिर वे उन डंडों को जमीन पर एक जगह स्थित कर पीछे से दौड़ते हुए उस पर झूलकर चढ़ जाते हैं और इसके बाद वे उन डंडों पर खुद को बैलेंस करते हुए आगे बढ़ते हैं और उसी बैलेंस के साथ वे उन डंडों पर आराम से चल पाते हैं।

इथियोपिया की जनजाति का वीडियो वायरल

इस वीडियो को सोशल साइट एक्स पर @TheBestqueenx नाम के अकाउंट से शेयर किया गया है। जिसे अब तक हजारों लोगों ने देखा और लाइक किया है। इस वीडियो के कैप्शन में बताया गया है कि यह वीडियो इथियोपिया की बन्ना (Banna) जनजाति का है। इस जनजाति के युवा चरवाहे बचपन से ही लंबे डंडों पर चलना सीख लेते हैं। इन डंडों को स्टिल्ट्स (Stilts) कहा जाता है। उनके लिए यह सिर्फ एक कला नहीं, बल्कि रोजमर्रा की जिंदगी का जरूरी हिस्सा है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

लंबे डंडों पर चलने की असली वजह

बन्ना जनजाति के लोग अपने मवेशियों को चराने के लिए बड़े-बड़े घास के मैदानों में जाते हैं। कई बार घास इतनी ऊंची होती है कि दूर तक कुछ दिखाई नहीं देता। ऐसे में लंबे डंडों पर खड़े होकर वे आसानी से अपने मवेशियों पर नजर रख पाते हैं। इतना ही नहीं, इन डंडों की मदद से वे दलदली और कीचड़ वाले इलाकों को भी आसानी से पार कर लेते हैं। जहां सामान्य इंसान का चलना मुश्किल होता है, वहां ये लोग बिना परेशानी आगे बढ़ जाते हैं। इस तकनीक का एक और बड़ा फायदा है। जंगलों में सांप, शेर और तेंदुए जैसे खतरनाक जानवरों का खतरा हमेशा बना रहता है। लंबे डंडों पर खड़े रहने से चरवाहों को दूर तक देखने में आसानी होती है और खतरा दिखते ही वे समय रहते सुरक्षित जगह पहुंच सकते हैं।

इस जानजाति के लोगों को बचपन से ही मिलती है इसकी ट्रेनिंग

हालांकि, लंबे डंडों पर संतुलन बनाना बिल्कुल आसान नहीं होता। इसके लिए शरीर की ताकत, बेहतरीन बैलेंस और लगातार अभ्यास की जरूरत पड़ती है। बन्ना जनजाति के बच्चे छोटी उम्र से ही इसकी ट्रेनिंग लेना शुरू कर देते हैं। कई सालों की मेहनत के बाद वे इस कला में पूरी तरह माहिर बनते हैं। वायरल वीडियो में लोग इस अनोखी तकनीक को देखकर हैरानी जता रहे हैं।

डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।

Pankaj Yadav
पंकज यादव author

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रें... और देखें

End of Article