सोशल मीडिया पर इन दिनों दुबई की सुरक्षा से जुड़ा एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में दुबई में रहने वाले एक भारतीय युवक ने शहर की सुरक्षा को परखने के लिए एक अनोखा प्रयोग किया। उसने अपनी खुली कन्वर्टिबल कार में मोबाइल फोन छोड़ दिया और करीब 20 मिनट के लिए वहां से चला गया। जब वह वापस लौटा तो जो नजारा दिखा, उसने सभी को हैरान कर दिया।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
खुली कन्वर्टिबल में रखा मोबाइल, 20 मिनट बाद लौटा तो सामने था बड़ा सरप्राइज
दरअसल, इस वीडियो को इंस्टाग्राम पर देवेंद्र चौधरी नाम के कंटेंट क्रिएटर ने अपने अकाउंट @devendra.dxb शेयर किया है। उन्होंने बताया कि उनका भाई भारत से दुबई घूमने आया था। बातचीत के दौरान उनके भाई ने कहा कि अगर खुली कार में फोन छोड़ दिया जाए तो वह जरूर चोरी हो जाएगा। इसके बाद देवेंद्र ने अपने भाई की बात को चेक करने का फैसला किया। उन्होंने अपनी कन्वर्टिबल कार पार्क की और मोबाइल फोन कार के अंदर खुला छोड़ दिया। कार का ऊपर वाला हिस्सा खुला था, इसलिए कोई भी आसानी से फोन तक पहुंच सकता था। दोनों भाई वहां से करीब 15 से 20 मिनट के लिए चले गए। कुछ देर बाद जब दोनों वापस लौटे तो उन्होंने देखा कि कार बिल्कुल वहीं खड़ी थी। सबसे खास बात यह रही कि मोबाइल फोन भी उसी जगह सुरक्षित रखा हुआ था, जहां उसे छोड़ा गया था। किसी ने फोन को हाथ तक नहीं लगाया था।
लौटकर आने पर जो हुआ उसने सबको कर दिया हैरान
वीडियो में देवेंद्र कहते हैं कि उनका भाई सोच रहा था कि फोन चोरी हो जाएगा, लेकिन दुबई की सुरक्षा व्यवस्था ने उसकी सोच बदल दी। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि "दुबई में सुरक्षा का स्तर इतना मजबूत है कि ऊपर मिसाइलें उड़ रही हों, फिर भी नीचे रखा फोन सुरक्षित रहता है।" यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है। लाखों लोग अब तक इसे देख चुके हैं और कमेंट सेक्शन में अपनी-अपनी राय दे रहे हैं। कई यूजर्स ने दुबई की सुरक्षा और वहां के कानूनों की तारीफ की। वहीं कुछ लोगों ने कहा कि किसी भी देश की सुरक्षा का अंदाजा सिर्फ एक वीडियो से नहीं लगाया जा सकता, लेकिन यह घटना जरूर लोगों का ध्यान खींच रही है।
डिस्क्लेमर: इस खबर में दी गई जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट पर आधारित है। टाइम्स नाउ नवभारत किसी भी प्रकार के दावे की पुष्टि नहीं करता है।
