Cobra snake in toilet seat: घरों में सांप निकलने की घटना अक्सर सोशल मीडिया पर सामने आती रहती है। सांप कभी किसी के कमरे में घुस आते हैं तो कभी किसी के टॉयलेट में। हाल में एक ऐसी ही घटना अजमेर से सामने आई है, जहां एक होटल की दूसरी मंजिल पर बने एक कमरे के टॉयलेट में कमोड पर एक पांच फीट लंबा जहरीला कोबरा सांप बैठा दिखाई दिया।
सांप टॉयलेट सीट पर बैठा था
होटल के कमरे में टॉयलेट के अंदर जब एक पर्यटक हल्का होने पहुंचा तो उसने टॉयलेट की सीट पर कोबरा सांप को फुफकारते हुए देखा। पर्यटक ने जैसे ही कोबरा सांप को टॉयलेट की सीट पर देखा, वैसे ही डर के मारे उसकी चीख निकल गई और वह बाथरूम से चिल्लाते हुए बाहर भागा। होटल के कमरे में सांप के निकलने की इस घटना से होटल में मौजूद अन्य मेहमानों और कर्मचारियों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते, इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने लगा। वायरल वीडियो में सांप को टॉयलेट सीट पर बैठे फुफकारते हुए देखा जा सकता है।
राजस्थान कोबरा टीम ने किया रेस्क्यू
इस घटना का पता लगते ही होटल मैनेजमेंट ने तुरंत राजस्थान कोबरा टीम को सूचित किया, जो घटनास्थल पर तुरंत पहुंच गई। लगभग 30 मिनट के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद स्नेक कैचर्स ने उस कोबरा सांप को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया और उसे पास के जंगल में छोड़ दिया। गनीमत रही कि इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ।
