टेक दिग्गज Apple की तरफ से हाल ही में पहला फोल्डेबल आईफोन लॉन्च किया गया जिसे कंपनी ने iPhone Duo नाम दिया है। यह अब तक का सबसे महंगा फोल्डेबल स्मार्टफोन है। अब तक यह फोल्डेबल आईफोन अपने डिजाइन और फीचर्स को लेकर सुर्खियों में था लेकिन अब यह अपनी रिपेयरिंग कॉस्ट को लेकर भी चर्चा में आ गया है। इसलिए अगर आप इस फोल्डेबल आईफोन को खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो आपको इसकी जानकारी होना बेहद जरूरी है।
Apple की तरफ से iPhone Duo की रिपेयरिंग कॉस्ट की एक लिस्ट शेयर की है। इस लिस्ट में इनर डिस्प्ले, आउटर डिस्प्ले, रियर कैमरा, बैटरी, बैक ग्लास, कवर लेयर को ठीक कराने का खर्चा बताया गया है। एप्पल की इस लिस्ट को टिप्स्टर अभिषेक यादव की तरफ से भी शेयर किया गया है। जो लिस्ट शेयर की गई है उसमें iPhone Duo की रिपेयरिंग का खर्चा देखकर झटका लगने वाला है। लिस्ट के मुताबिक अगर अंदर वाली फोल्डेबल स्क्रीन टूट जाए, तो उसे ठीक कराने में ही 1,49,900 रुपये खर्च करने पड़ सकते हैं।
आपको बात दें कि फोन की कीमत करीब 3 लाख रुपये से शुरू होती है, लेकिन अगर इसकी डिस्प्ले खराब हो जाती है तो आपकी जेब का अच्छा खासा बोझ बढ़ सकता है। Apple ने iPhone Duo की रिपेयरिंग के लिए अलग-अलग पार्ट्स के हिसाब से चार्ज बताए हैं।
iPhone Duo की रिपेयरिंग में कितना आएगा खर्च?
Apple की ओर से जारी की गई जानकारी के मुताबिक, iPhone Duo के अलग-अलग पार्ट्स को ठीक कराने के लिए अलग-अलग पैसे देने होंगे। बिना AppleCare+ के फोन की रिपेयरिंग काफी महंगी पड़ सकती है।
अंदर की स्क्रीन टूटने पर लगेगा सबसे ज्यादा पैसा
iPhone Duo की सबसे बड़ी खासियत इसकी फोल्ड होने वाली स्क्रीन है। लेकिन यही स्क्रीन खराब होने पर सबसे ज्यादा खर्च भी करा सकती है। इसकी अंदर वाली डिस्प्ले को ठीक कराने या बदलवाने के लिए करीब 1.5 लाख रुपये देने पड़ सकते हैं। वहीं, बाहरी स्क्रीन को ठीक कराने का खर्च 42,900 रुपये बताया गया है। ऐसे में अगर फोन गलती से हाथ से गिर जाता है और स्क्रीन टूट जाती है, तो रिपेयरिंग का बिल काफी बड़ा हो सकता है।
इतना ही नहीं, फोन में किसी दूसरी बड़ी तरह की खराबी आने पर खर्च 2,24,900 रुपये तक पहुंच सकता है। यह रकम iPhone Duo की शुरुआती कीमत का एक बड़ा हिस्सा है।
AppleCare+ लेने पर कितनी होगी बचत?
अगर आप फोन की महंगी रिपेयरिंग से बचना चाहते हैं, तो AppleCare+ प्लान पर भी विचार कर सकते हैं। भारत में iPhone Duo के लिए इस प्लान की कीमत 51,900 रुपये बताई गई है। इस प्लान के साथ योग्य रिपेयर पर खर्च काफी कम हो जाता है।
- अंदर की स्क्रीन की रिपेयरिंग के लिए 1,49,900 रुपये की जगह 8,900 रुपये की सर्विस फीस देनी होगी।
- बाहरी स्क्रीन या बैक ग्लास के नुकसान पर 2,500 रुपये की फीस लगेगी।
- कवर लेयर के नुकसान पर 1,900 रुपये देने होंगे।
- बैटरी सर्विस के लिए तय शर्तों के तहत कोई अतिरिक्त चार्ज नहीं लगेगा।
- दूसरे योग्य एक्सीडेंटल डैमेज के लिए 8,900 रुपये की फीस लग सकती है।
ध्यान देने वाली बात यह है कि AppleCare+ के लिए पहले 51,900 रुपये खर्च करने होंगे। इसके अलावा, हर तरह की खराबी या नुकसान पर एक जैसी सुविधा नहीं मिलती। इसलिए प्लान लेने से पहले उसकी शर्तें जरूर पढ़ लें।
