Madan Rathore : राजस्थान भाजपा अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ के एक बयान पर सियासी बवाल मच गया है। दरअसल, भाजपा नेता ने गुरुवार को कहा कि अमेरिका के साथ यदि पाकिस्तान की लड़ाई होती है तो भारत अपने पड़ोसी देश के साथ खड़ा होगा। उन्होंने कहा, 'अमेरिका और पाकिस्तान के बीच यदि आज युद्ध हो जाए तो हम पाकिस्तान के साथ खड़े होंगे। पाकिस्तान हमारा पड़ोसी है। क्या मैं गलत बोल रहा हूं? हमें इस बात को समझना होगा।'
बयान पर कांग्रेस नेता ने उठाए सवाल
राठौड़ ने यह बयान लोगों को संबोधित करते हुए दिया। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है और इस पर कांग्रेस ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कांग्रेस नेता डॉ. शमा मोहम्मद ने इस बयान को लेकर बीजेपी के रुख पर सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि क्या प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह भी इस विचार से सहमत हैं। उन्होंने वायरल वीडियो को एक्स पर दोबारा साझा करते हुए फेसबुक पोस्ट में लिखा, 'क्या @narendramodi और @AmitShah भी पाकिस्तान के साथ हैं? अगर नहीं, तो हमें बताएं कि इस राष्ट्रविरोधी व्यक्ति के खिलाफ क्या कार्रवाई की जा रही है।'
बीजेपी का 'पाक प्रेम' सामने आया-कांग्रेस
उन्होंने आगे लिखा, 'अपने सैनिकों और नागरिकों की हत्या करने वाले आतंकवादी देश पाकिस्तान के प्रति बीजेपी का प्रेम एक बार फिर सामने आ गया है। राजस्थान बीजेपी अध्यक्ष मदन राठौड़ कह रहे हैं कि अगर अमेरिका और पाकिस्तान के बीच युद्ध होता है, तो वह पाकिस्तान के साथ हैं। क्या @narendramodi और @AmitShah भी पाकिस्तान के साथ हैं? अगर नहीं, तो हमें बताएं कि इस राष्ट्रविरोधी व्यक्ति के खिलाफ क्या कार्रवाई की जा रही है।'
राठौड़ ने राहुल पर लगाया अराजक स्थिति पैदा करने का आरोप
राठौड़ ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर देश में अराजक स्थिति पैदा करने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि भारत के बढ़े प्रभाव को देख दुनिया की कई ताकतें परेशान हैं और वे इसे अस्थिर करने की साजिशें रच रही हैं। राठौड़ ने दावा किया कि कुछ लोग और कुछ समूह विदेशी फंडिंग के सहारे भारत की तरक्की रोकने के लिए लोगों को उकसा रहे हैं।
विवादित बयान पर भाजपा नेता ने दी सफाई
अपने बयान पर विवाद होने पर राठौड़ ने सफाई दी है। उन्होंने कहा, 'लोगों ने मेरे बयान की सिर्फ आखिरी दो पंक्तियां निकालकर पेश कीं। जबकि मैंने बहुत स्पष्ट रूप से कहा था कि अगर भारत-पाकिस्तान के बीच क्रिकेट मैच होता है और भारत हार जाता है, तो उस पर पटाखे फोड़ने वाला व्यक्ति इस देश का देशभक्त नहीं है। हां, अगर अमेरिका पाकिस्तान के साथ है, तो वह अलग बात है। अब लोगों ने जिस तरह से मेरे बयान को पेश किया है, उससे मुझे लगता है कि उनके मन में मेरे प्रति गलत इरादे थे।'
