बिजनेस

Emergency Fund बनाने के लिए अपनाएं ये तरीके, अचानक पैसों की जरूरत पड़ने पर नहीं होंगे परेशान

आज के समय में केवल कमाई काफी नहीं है भविष्य की जरूरत या अचानक पड़ने वाली जरूरत को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए। इसके लिए इमरजेंसी फंड बनाना जरूरी है।

Image

इन तरीकों से बनाएं Emergency Fund (Photo: iStock)

आज के समय में केवल कमाई करना ही काफी नहीं है, बल्कि भविष्य की आर्थिक चुनौतियों के लिए बचत करना भी जरूरी है। कई बार अचानक मेडिकल खर्च, नौकरी छूटने, घर की मरम्मत या गाड़ी खराब होने जैसी परिस्थितियां सामने आ जाती हैं। ऐसी स्थिति में अगर आपके पास बचत नहीं है, तो आपको पर्सनल लोन (Personal Loan) या क्रेडिट कार्ड (Credit Card) का सहारा लेना पड़ सकता है। इससे आर्थिक बोझ बढ़ सकता है। ऐसी परेशानियों से बचने के लिए इमरजेंसी फंड (Emergency Fund) बनाना जरूरी है। सही प्लानिंग और नियमित बचत के जरिए आप भी एक इमरजेंसी फंड तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं इमरजेंसी फंड कैसे तैयार किया जा सकता है-

अपने जरूरी खर्चों का हिसाब लगाएं

इमरजेंसी फंड बनाने के लिए सबसे पहले अपने जरूरी मंथली खर्चों को जानें। इसमें घर का किराया या होम लोन की EMI, राशन, बिजली-पानी का बिल, बच्चों की फीस, इंश्योरेंस प्रीमियम, ट्रांसपोर्ट और मेडिकल खर्च शामिल करें। शॉपिंग, घूमना-फिरना, मनोरंजन और बाहर खाना जैसे गैर-जरूरी खर्चों को इसमें शामिल न करें। इससे आपको पता चलेगा कि हर महीने बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए कितने पैसों की जरूरत है।

तय करें कितना होना चाहिए इमरजेंसी फंड

अपने जरूरी मंथली खर्चों का हिसाब लगाने के बाद इमरजेंसी फंड का लक्ष्य तय करें। आमतौर पर 3 से 6 महीने के जरूरी खर्चों के बराबर रकम जमा करने की सलाह दी जाती है। वहीं, जिन परिवारों में कमाने वाला केवल एक व्यक्ति है या जिनकी आमदनी नियमित नहीं है, वे 6 से 12 महीने के खर्च के बराबर फंड तैयार कर सकते हैं। उदाहरण के लिए अगर आपका जरूरी मंथली खर्च 30,000 रुपये है तो छह महीने का इमरजेंसी फंड 1.80 लाख रुपये होगा।

सुरक्षित और आसानी से पैसे निकालने वाले विकल्प चुनें

इमरजेंसी फंड का उद्देश्य ज्यादा रिटर्न कमाना नहीं, बल्कि जरूरत पड़ने पर तुरंत पैसे उपलब्ध कराना है। इसलिए इस रकम को सुरक्षित और लिक्विड विकल्पों में रखना चाहिए। आप तत्काल जरूरतों के लिए सेविंग अकाउंट, अतिरिक्त बचत के लिए शॉर्ट टर्म फिक्स्ड डिपॉजिट और धीरे-धीरे फंड बनाने के लिए रिकरिंग डिपॉजिट का इस्तेमाल कर सकते हैं। स्वीप-इन एफडी भी एक विकल्प हो सकती है।

हर महीने ऑटोमैटिक बचत करें

इमरजेंसी फंड बनाने के लिए सैलरी मिलते ही एक निश्चित रकम अलग खाते में ट्रांसफर कर दें। इसके लिए ऑटोमैटिक ट्रांसफर या आरडी की सुविधा ले सकते हैं। उदाहरण के लिए हर महीने 5,000 रुपये बचाने पर एक साल में बिना ब्याज के 60,000 रुपये जमा हो जाएंगे। बोनस और अतिरिक्त कमाई का कुछ हिस्सा भी इसमें जोड़ सकते हैं।

इमरजेंसी फंड का इस्तेमाल सोच-समझकर करें

इस फंड का इस्तेमाल केवल वास्तविक जरूरतों के लिए करें। मेडिकल इमरजेंसी, नौकरी छूटना, जरूरी घरेलू मरम्मत या अचानक पारिवारिक परेशानी इसके सही उदाहरण हैं। छुट्टियों, शॉपिंग या महंगे गैजेट खरीदने के लिए इस रकम का इस्तेमाल न करें। अगर किसी इमरजेंसी में फंड खर्च हो जाता है तो दोबारा इसे बनाने की कोशिश करें।

Shivani Kotnala
शिवानी कोटनालाauthor

शिवानी कोटनाला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर कॉपी एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। पत्रकारिता के करियर में 3 साल से ज्यादा के अनुभव के साथ शिवानी ने बिजनेस और टेक से जुड़ी खबरों पर काम किया है। यूटीलिटी, शेयर बाजार, पर्सनल फाइनेंस, बैंकिंग से जुड़ी खबरों पर वह लगातार लिख रही हैं। शिवानी ने डिजिटल के साथ-साथ न्यूज एजेंसी में भी काम किया है।

और पढ़ें
End of Article