शहर

अनोखी घुड़चढ़ी! जीजा ने दूल्हों को पहनाई 500 के नोटों की 100 फीट लंबी माला, Video Viral

शादियों के इस सीजन में मथुरा के नगला फोंदा गांव की अनोखी घुड़चढ़ी चर्चा में है। जीजा ने दोनों दूल्हों को 500 रुपये के नोटों से बनी 100-100 फीट लंबी मालाएं पहनाईं।

इन दिनों शादियों का सीजन चरम पर है। हर तरफ बैंड-बाजा-बारात और खुड़चढ़ी की तस्वीरें देखने को मिल रही हैं। भारत की शादियां इसलिए भी अनोखी होती हैं कि इनमें अक्सर दूल्हे फूलों के साथ ही नोटों की माला भी धारण करते हैं। लेकिन मथुरा में एक अनोखा नजारा देखने को मिला, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया।

मथुरा में सुरीर के गांव नगला फोंदा में शनिवार को हुई एक अनोखी घुड़चढ़ी ने सबको हैरान कर दिया। यहां जीजा ने अपने सालों पर ऐसा प्यार लुटाया कि घुड़चढ़ी में शामिल लोग देखते ही रह गए। इस बारात में दुल्हे के जीजा के अनोखे अंदाज की चर्चा अब पूरे क्षेत्र में हो रही है।

जीजा का सालों को अनोखा तोहफा

दरअसल, गांव नगला फोंदा निवासी योगेंद्र सिंह और कुशलपाल सिंह के बेटे प्रशांत और कान्हा राघव की शनिवार को घुड़चढ़ी निकाली जा रही थी। दोनों की शादी गोवर्धन के एक मैरिज होम में गांव मुड़सेरस निवासी युवतियों के साथ होनी है। घुड़चढ़ी की रस्म के दौरान उनके जीजा योगेश कुमार उर्फ भूरा ठाकुर निवासी गांव नंदोला, कामां (राजस्थान) ने अपने सालों को खास तोहफा देने का फैसला किया। उन्होंने दोनों दूल्हों को नोटों से बनी विशालकाय माला पहनाई।

500 के नोटों की 100-100 फीट लंबी माला

पांच-पांच सौ रुपये के नए नोटों से तैयार प्रत्येक माला करीब 100 फीट लंबी बताई जा रही है। माला इतनी लंबी और भारी थी कि उसे संभालने के लिए कई लोगों को मशक्कत करनी पड़ी। छत पर खड़े होकर दोनों दूल्हों को ये मालाएं पहनाई गईं। घुड़चढ़ी में मौजूद लोगों के लिए यह नजारा किसी शाही आयोजन से कम नहीं था।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

इस दौरान ग्रामीणों और रिश्तेदारों ने इस अनोखे पल को अपने मोबाइल कैमरों में कैद कर लिया। दूल्हे किसान नेता महावीर स्वामी के भतीजे बताए जा रहे हैं। जीजा के इस अनोखे अंदाज का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल हो रहा है।

दोनों दूल्हों को पहनाई गई मालाओं में पांच-पांच सौ रुपये के नोट लगाए गए थे। हर माला करीब 100 फीट लंबी थी। इसकी लंबाई और वजन के कारण कई लोगों को इसे उठाने और संभालने में मदद करनी पड़ी। नगला फोंदा की यह अनोखी घुड़चढ़ी अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article