Times Now Navbharat
live-tv
Premium

UP Elections: आजादी के बाद पहला चुनाव पूर्व गठबंधन कब बना था, कितना सफल रहा?

UP Elections: यूपी में 2027 चुनाव से पहले एक तरफ सपा व कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत चल रही है, दूसरी तरफ ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन में चुनाव लड़ने का फैसला किया है। जानें यूपी में पहला चुनाव पूर्व गठबंधन कब बना और वह कितना सफल रहा?

Image
उत्तर प्रदेश की चुनावी राजनीति और गंठबंधन
Authored by: दिगपाल सिंह
Updated Nov 23, 2026, 17:57 IST
Follow on Google News

UP Elections: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए सभी पक्षों ने अपनी कमर कस ली है। NDA से लेकर INDIA गठबंधन तक और अन्य पार्टियां भी अपने-अपने राजनीतिक सहयोगियों को इकट्ठा करने और एकजुट रखने की कोशिश में जुटी हुई हैं। इस बीच आज यानी सोमवार 23 नवंबर को विपक्ष के सबसे बड़े गठबंधन INDIA की दो प्रमुख पार्टियों समाजवादी पार्टी और कांग्रेस की बैठक हुई। दोनों पार्टियां सीट बंटवारे को लेकर आपसी तालमेल बढ़ाने के लिए मिलीं। हालांकि, आज की यह मुलाकात महज 15-20 मिनट की रही, लेकिन उम्मीद जतायी जा रही है कि जल्द ही (2-4 दिनों में) दोनों पार्टियों में सीट बंटवारे पर सहमति बन जाएगी। इस बीच असदुद्दीन ओवैसी की AIMIM और चंद्रशेखर आजाद की आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने भी गठबंधन में चुनाव लड़ने का फैसला किया है।

दोनों पार्टियों ने अपने गठबंधन को 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' का नाम दिया है। इस गठबंधन के बन जाने से राज्य की राजनीति में नई हलचल पैदा हुई है। 12 नवंबर 2026 को घोषित इस गठबंधन में चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया गया है। दोनों दलों ने राज्य की सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की मंशा भी जाहिर की है। भले NDA हो या INDIA या फिर सामाजिक परिवर्तन मोर्चा, यह सब चुनाव पूर्व गठबंधन हैं। पिछले कुछ दशकों को देखें तो देश में राजनीतिक गठबंधन का दौर जारी है। इस दौरान भले ही किसी एक पार्टी को पूर्ण बहुमत हासिल हुआ हो, लेकिन जीत गठबंधन की मानी जाती है। क्या आप जानते हैं उत्तर प्रदेश में आजादी के बाद पहला चुनाव पूर्व गठबंधन कब बना था और चुनाव में उस गठबंधन का प्रदर्शन कैसा रहा था? चलिए जानते हैं।

सपा-बसपा का पहला गठबंधन

यूपी की चुनावी राजनीति में पिछले लगभग 4 दशकों में कई बार गठबंधन बने और टूटे। इन गठबंधनों ने कई बार सत्ता तक पहुंच बनाई तो कभी सत्ता हासिल न करने के बावजूद सत्तारूढ़ पार्टी को सत्ता से बेदखल करने में अहम भूमिका निभाई। उत्तर प्रदेश में चुनावी गठबंधन का इतिहास भी काफी पुराना है। बात साल 1993 ही है, जब समाजवादी पार्टी (SP) और बहुजन समाज पार्टी (BSP) के बीच चुनाव पूर्व गठबंधन बना। उस समय मुलायम सिंह यादव और कांशीराम ने भाजपा को चुनौती देने के लिए हाथ मिलाया था। उस समय इस गठबंधन का एक प्रमुख नारा बना, 'मिले मुलायम कांशी राम, हवा में उड़ गए जय श्री राम।' इस गठबंधन ने चुनाव में अच्छा प्रदर्शन किया।

1967, 1977 और 1989 में क्या हुआ था?

उत्तर प्रदेश में गठबंधन की राजनीति को ठीक से समझना हो तो साल 1993 से पहले के चुनावों पर भी एक नजर डालना जरूरी है। साल 1967 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को पहली बार बड़ी चुनौती मिली थी। गैर-कांग्रेसी दलों ने संयुक्त विधायक दल (SVD) के रूप में इकट्ठा होकर सरकार बनाई थी। हालांकि, यह चुनाव से पहले सीटों के बंटवारे के आधार पर बना गठबंधन नहीं था, बल्कि चुनाव के बाद अलग-अलग दलों के विधायकों ने राजनीतिक एकजुटता दिखाते हुए यह सफल प्रयोग किया था।

इसी तरह 1977 में भी जनता पार्टी के बैनर तले कई राजनीतिक दलों ने चुनाव लड़ा था। लेकिन यह भी अलग-अलग पार्टियों का चुनावी गठबंधन नहीं, बल्कि उनके विलय से बनी एक नई राजनीतिक पार्टी थी। साल 1989 में जनता दल के गठन के साथ भी विभिन्न राजनीतिक धाराएं एक पार्टी के रूप में एकजुट हुई थीं। इसलिए इन राजनीतिक घटनाओं को 1993 के सपा-बसपा गठबंधन की तरह सीधे चुनाव पूर्व सीट बंटवारे वाले गठबंधन के रूप में नहीं देखा जा सकता।

कितना सफल रहा पहला SP-BSP गठबंधन?

साल 1993 का विधानसभा चुनाव, खासतौर पर उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक अहम पड़ाव और मोड़ साबित हुआ। साल 1992 में बाबरी मस्जिद विध्वंस के बाद बदले राजनीतिक माहौल में मुलायम सिंह यादव और कांशीराम ने भाजपा के खिलाफ एक साझा मोर्चा बनाया। इस गठबंधन को उस समय पिछड़े वर्गों और दलितों की राजनीतिक एकजुटता के बड़े प्रयोग के तौर पर भी देखा गया।

भाजपा को सत्ता से दूर रखने में सफल रहा गठबंधन

सीटों के बंटवारे के तहत हाल में जनता दल से टूटकर बनी समाजवादी पार्टी (SP) ने 256 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे, जबकि बहुजन समाज पार्टी (BSP) ने 164 सीटों पर चुनाव लड़ा। नतीजे सामने आए तो SP को 109 और BSP को 67 सीटें हासिल हुईं। दोनों दलों ने मिलकर 176 सीटें हासिल कीं। जबकि 177 सीटें जीतकर भाजपा विधानसभा में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। इस तरह यह गठबंधन भाजपा को सबसे बड़ी पार्टी बनने से तो नहीं रोक पाया, लेकिन दोनों दलों ने मिलकर मजबूत राजनीतिक चुनौती पेश की और भाजपा को सत्ता से दूर रखने में जरूर सफलता हासिल की। बाद में कांग्रेस और जनता दल के समर्थन से मुलायम सिंह यादव ने सरकार बनाई और वह दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने। इससे पहले वह 1989 से 1991 तक जनता दल के नेता के रूप में राज्य के मुख्यमंत्री रह चुके थे।

हालांकि, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी का यह गठबंधन ज्यादा समय तक नहीं टिक पाया। मई 1995 में BSP ने राज्य की मुलायम सरकार से समर्थन वापस ले लिया। इसके बाद दोनों दलों के रिश्ते बहुत ही खराब हो गए। इस बीच लखनऊ का चर्चित गेस्ट हाउस कांड भी सामने आया। इस घटनाक्रम ने उत्तर प्रदेश की राजनीति की दिशा बदल दी। मुलायम सिंह यादव की सरकार गिर गई और जिस भाजपा के खिलाफ बसपा ने सपा के साथ मिलकर चुनाव लड़ा था, उसी BJP के समर्थन से मायावती पहली बार साल 1995 में मुख्यमंत्री बनीं।

ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन की क्या है रणनीति?

अब साल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाकर नई राजनीतिक जमीन तैयार करने की कोशिश की है। यह गठबंधन न सिर्फ भाजपा के नेतृत्व वाले NDA के खिलाफ खड़ा है, बल्कि सपा-कांग्रेस के गठबंधन INDIA के विरुद्ध भी ताल ठोंक रहा है। इस तरह से यूपी में तीन प्रमुख गठबंधन आमने-सामने होंगे। हालांकि, सपा-कांग्रेस के गठबंधन INDIA में अभी सीटों के बंटवारे को लेकर बातचीत का दौर जारी है।

AIMIM और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) दोनों दलों ने सभी 403 विधानसभा सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही है। गठबंधन की नजर दलित, मुस्लिम, पिछड़े और वंचित वर्गों के वोटों पर है और वह लगातार उनके मुद्दों पर सरकार को घेरने का काम भी कर रहे हैं। बड़ी बात ये है कि असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर दोनों नेताओं ने सपा-कांग्रेस के लिए भी गठबंधन में शामिल होने का रास्ता खुला रखा है। यानी चुनाव से पहले NDA के खिलाफ दो गठबंधन की बजाए एक बड़ा गठबंधन भी तैयार हो सकता है।

End of Article