सोशल मीडिया (Social Media) पर जानवरों के कई प्यारे वीडियो देखने को मिलते हैं। कुछ अपनी शरारतों से लोगों का दिल जीत लेते हैं, तो कुछ अपनी अनोखी आदतों की वजह से मशहूर हो जाते हैं। जापान का एक रेड पांडा (Red Panda) भी अपनी ऐसी ही खास अदा के कारण दुनियाभर में लोकप्रिय हुआ था। इसका नाम फूटा है। करीब 21 साल पहले दो पैरों पर सीधे खड़े होने की वजह से फूटा खूब चर्चा में आया था। अब इस रेड पांडा ने एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। वह दुनिया का सबसे उम्रदराज जीवित रेड पांडा बन गया है। उसके इस उपलब्धि को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड ने अपने इंस्टाग्राम पेज से शेयर किया है। साथ में उसकी कुछ तस्वीरें भी शेयर की गई हैं।
2005 में दो पैरों पर खड़े होकर हुआ था मशहूर
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड (Guinness World Record) के मुताबिक, फूटा का जन्म 5 जुलाई 2003 को जापान के शिजुओका म्युनिसिपल निहोंदाइरा चिड़ियाघर में हुआ था। उसके नाम की कहानी भी काफी दिलचस्प है। उसका नाम उसके पिता फुफू के नाम से लिया गया है। साल 2004 में फूटा को जापान के चिबा जूलॉजिकल पार्क में लाया गया। यहां आने के करीब एक साल बाद यानी 2005 में उसने पहली बार अपने पिछले दोनों पैरों पर सीधे खड़े होकर लोगों को हैरानी में डाल दिया था। देखते ही देखते फूटा पूरे जापान में मशहूर हो गया। उसकी लोकप्रियता इतनी बढ़ गई कि उसे एक कैन ड्रिंक के विज्ञापन में भी दिखाया गया। उस समय फूटा को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग चिड़ियाघर पहुंचते थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:
अब नहीं खड़ा हो पाता दो पैरों पर
उम्र बढ़ने के साथ फूटा की ताकत भी कम हो गई है। अब वह पहले की तरह अपने पिछले दोनों पैरों पर सीधे खड़ा नहीं हो पाता। हालांकि, इससे उसकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। आज भी उसके चाहने वाले उसे देखने के लिए दूर-दूर से आते हैं।
रेड पांडा की औसत उम्र से काफी आगे निकला फूटा
आमतौर पर रेड पांडा की उम्र 12 से 17 साल के बीच होती है लेकिन फूटा इस उम्र से काफी आगे निकल चुका है। 17 नवंबर 2026 तक उसकी उम्र 23 साल और 135 दिन हो चुकी थी। इसी के साथ उसे कैद में रहने वाला दुनिया का सबसे उम्रदराज जीवित रेड पांडा माना गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड अमेरिका के जूमोंटाना चिड़ियाघर में रहने वाले टेलर नाम के रेड पांडा के पास था। टेलर 21 साल और 265 दिन तक जीवित रहा था। अब फूटा ने उसका रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया है।
स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों के बावजूद भी जी रहा है अच्छी जिंदगी
फूटा को समय-समय पर कुछ स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां होती रहती हैं। खराब मौसम होने पर वह बाहर निकलने के बजाय अंदर रहना पसंद करता है। इसके बावजूद वह अब भी अच्छी जिंदगी जी रहा है। फूटा की कहानी इसलिए भी खास है क्योंकि कभी अपनी प्यारी हरकत से लोगों का दिल जीतने वाला यह रेड पांडा अब अपनी लंबी उम्र की वजह से दुनिया भर में चर्चा में है। उसने यह साबित कर दिया है कि उम्र के मामले में भी वह किसी से कम नहीं है।
