वायरल न्यूज़

मां बनने से पहले पूरा किया जिंदगी का सबसे बड़ा सपना, प्रेग्नेंसी के दौरान दुनिया की सात बड़ी मैराथन दौड़ गई यह महिला

अमेरिका की 38 वर्षीय डिर्ड्रे कीन ने 34 हफ्ते की प्रेग्नेंसी में न्यूयॉर्क मैराथन पूरी की। वह एक साल में दुनिया की 7 बड़ी मैराथन दौड़ चुकी हैं।

Image

डिर्ड्रे कीन ने 34 हफ्ते की प्रेग्नेंसी में न्यूयॉर्क मैराथन पूरी की। (Instagram/@deirdremkeane)

अगर इरादे मजबूत हों तो इंसान मुश्किल से मुश्किल चुनौती भी पूरी कर सकता है। अमेरिका के न्यूयॉर्क में रहने वाली 38 साल की डिर्ड्रे कीन (Deirdre Keane) ने कुछ ऐसा ही कर दिखाया है। उन्होंने प्रेग्नेंसी के दौरान दुनिया की सात बड़ी मैराथन पूरी कर सबको हैरान कर दिया। उन्होंने अपनी आखिरी मैराथन तब दौड़ी, जब वह 34 हफ्ते यानी करीब आठ महीने की प्रेग्नेंट थीं। उनकी इस उपलब्धि की सोशल मीडिया पर खूब चर्चा हो रही है।

एक साल में पूरी कीं दुनिया की 7 बड़ी मैराथन

न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, डिर्ड्रे पेशे से नर्स प्रैक्टिशनर और मैनेजमेंट कंसल्टेंट हैं। उन्होंने 1 नवंबर को न्यूयॉर्क सिटी मैराथन में हिस्सा लिया और इसे 4 घंटे 6 मिनट 55 सेकंड में पूरा किया। इस दौरान वह 34 हफ्ते की प्रेग्नेंट थीं। यह उनके लिए सिर्फ एक मैराथन नहीं थी, बल्कि एक बड़े सपने को पूरा करने जैसा था। इससे पहले वह टोक्यो, बोस्टन, लंदन, सिडनी, बर्लिन और शिकागो की मैराथन भी पूरी कर चुकी थीं। इन सातों मैराथन को मिलाकर वर्ल्ड मैराथन मेजर्स कहा जाता है। ये दुनिया की सबसे लंबी दूरी की दौड़ों में शामिल हैं।

अप्रैल में पता चली प्रेग्नेंसी की खबर

डिर्ड्रे ने इन सभी मैराथन के लिए रजिस्ट्रेशन उस समय कराया था, जब वह प्रेग्नेंट नहीं थीं। पिछले साल शादी के बाद उन्होंने तय किया था कि मां बनने की जिम्मेदारी शुरू होने से पहले वह अपने कुछ बड़े सपने पूरे करेंगी। मार्च में टोक्यो मैराथन पूरी करने के बाद अप्रैल में बोस्टन और लंदन मैराथन के दौरान उन्हें अपने शरीर में कुछ बदलाव महसूस हुए। जांच कराने पर पता चला कि वे प्रेग्नेंट हैं। इसके बाद उन्होंने अपनी प्लानिंग में कुछ बदलाव किए। उन्होंने आयरनमैन और अल्ट्रामैराथन जैसे कठिन इवेंट्स में हिस्सा लेने का फैसला छोड़ दिया, लेकिन सातों बड़ी मैराथन पूरी करने का इरादा नहीं बदला।

deirdre keane runs new york marathon 34 weeks pregnant

इस महिला ने अपनी प्रेगनेंसी के दौरान दुनिया की 7 बड़ी मैराथन एक साल में पूरी की। (Instagram/@deirdremkeane)

डॉक्टर की सलाह से पूरी की चुनौती

डिर्ड्रे के पति ब्रायन शुरुआत में उनकी सेहत को लेकर काफी चिंतित थे। इसके बाद दोनों ने तय किया कि मैराथन में समय की चिंता किए बिना अपनी सुविधा के अनुसार आगे बढ़ेंगी। जरूरत पड़ने पर दौड़ने के बजाय पैदल चलेंगी। डिर्ड्रे की OB-GYN डॉक्टर ने भी कुछ जरूरी शर्तों के साथ उन्हें दौड़ने की अनुमति दी थी। उन्हें शरीर में पानी और पोषण की कमी नहीं होने देने और मांसपेशियों में खिंचाव महसूस होते ही रुकने की सलाह दी गई थी। डिर्ड्रे ने बताया कि उन्हें पता था कि 34वें हफ्ते में मैराथन पूरी करना असामान्य है, लेकिन उन्हें अपनी फिटनेस और शरीर पर भरोसा था।

सोशल मीडिया पर हो रही तारीफ

डिर्ड्रे के इस जबरदस्त हौसले की कहानी सोशल मीडिया पर लोगों को हैरानी में डाल रही है। साथ ही लोग डिर्ड्रे के हिम्मत की दात देते हुए उनकी खूब तारीफ कर रहे हैं। एक साल में सात बड़ी मैराथन पूरी करना अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article