वायरल न्यूज़

VIDEO: अरबों की प्रॉर्पटी का मालिक बना भिखारी, महंगी कार-सिक्योरिटी छोड़ सड़क पर भिक्षा मांगते नजर आए BJP विधायक

मुंबई के घाटकोपर ईस्ट से BJP विधायक का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। जिसमें वे सड़क पर भीख मांगते हुए नजर आ रहे हैं।

Image

BJP विधायक का भीख मांगते वीडियो सोशल मीडिया पर हो रहा वायरल (Times Now Navbharat)

सोशल मीडिया (Social Media) पर एक वीडियो इस वक्त तेजी से वायरल हो रहा है। जिसमें एक शख्स सड़क पर भीख मांगता दिख रहा है। वीडियो में देखा जा सकता है कि एक शख्स आम भिखारी की तरह सड़कों पर घूमता और लोगों से मदद मांगता दिखाई दे रहा है लेकिन जब इस शख्स की असली पहचान सामने आई तो लोग हैरान रह गए।

कौन है यह भिखारी, जिसकी सोशल मीडिया पर हो रही चर्चा

भीख मांगते हुए इस शख्स की चर्चा सोशल मीडिया पर इसलिए हो रही है क्योंकि यह कोई पेशेवर भिखारी नहीं बल्कि एक BJP विधायक हैं। जो 5 हजार करोड़ यानी 50 अरब की प्रॉपर्टी के मालिक हैं। इनका नाम पराग शाह है जो मुंबई के घाटकोपर ईस्ट से विधायक हैं। पराग शाह को महाराष्ट्र के बड़े कारोबारी और संपन्न नेताओं में गिना जाता है। उनकी संपत्ति को लेकर भी अक्सर चर्चा होती रहती है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें:

आखिर अरबों का मालिक क्यों बना भिखारी?

वायरल हो रहे वीडियो (Video) को लेकर बताया जा रहा है कि विधायक पराग शाह एक दिन के लिए अपनी सारी सुख-सुविधाएं छोड़कर भिखारी जैसा जीवन जीने का अनुभव किया। इसके पीछ का कारण यह है कि जैन धर्म के चातुर्मास के दौरान उनके गुरु नम्रमुनि ने उन्हें ऐसा अनुभव लेने की सलाह दी थी। गुरु की बात मानते हुए पराग शाह ने अपनी गाड़ी, सुरक्षा और महंगे कपड़े जैसी सुविधाएं पीछे छोड़ दीं। इसके बाद मेकअप की मदद से उन्होंने अपना पूरा हुलिया बदल लिया।

पूरे दिन सड़क पर मांगते रहे भीख

नया रूप लेने के बाद वह घाटकोपर की सड़कों पर निकल पड़े। खास बात यह रही कि उनके आसपास मौजूद लोगों में से किसी को भी पता नहीं चला कि वह वहीं विधायक है, जो अरबों की संपत्ति का मालिक है। पराग शाह आम भिखारी की तरह लोगों के बीच घूमते रहे और उनसे मदद मांगते रहे। वीडियो में यह भी बताया जा रहा है कि पराग शाह ने इस दौरान लोगों से मिली मदद से खाना खाया और कुछ समय तक भिखारी की जिंदगी को करीब से समझने की कोशिश की।

विधायक ने जाना भीख मांगने वालों का हाल

इस अनुभव के जरिए उन्होंने यह जानने की कोशिश की कि सड़क पर रहने वाले या भीख मांगने वाले लोगों को किस तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इसके बाद उन्होंने अपना मेकअप हटाया और वापस अपने सामान्य रूप में लौट आए। बताया जा रहा है कि उन्होंने अपने गुरु और लोगों के सामने इस पूरे अनुभव को साझा भी किया।

सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस वीडियो पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोग विधायक के इस कदम की तारीफ कर रहे हैं और इसे दूसरों की जिंदगी को समझने की कोशिश बता रहे हैं। वहीं कुछ लोग इसे लेकर अपनी अलग राय भी रख रहे हैं।

Pankaj Yadav
पंकज यादवauthor

पंकज यादव टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में वायरल और ट्रेंडिंग कंटेंट तैयार करते हैं। कंटेंट राइटिंग में 6 वर्षों का अनुभव रखने वाले पंकज सोशल मीडिया ट्रेंड्स, ह्यूमन इंटरेस्ट और ऑफबीट न्यूज दिलचस्प और यूजर-फ्रेंडली अंदाज में लिखने में माहिर हैं और अबतक आठ हजार से अधिक कंटेंट प्रकाशित कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article